डिवाइडर से टकराई कार, मेजर व उनकी पत्नी गंभीर घायल, मामा की मौत Unnao News
उन्नाव में बाबूगंज इलाके में हादसा हुआ है कार सवार दिल्ली से लखनऊ लौट रहे थे।
उन्नाव, जेएनएन। शहर के अंदर हाईवे को जोडऩे वाली सड़क पर शनिवार की सुबह तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार मेजर व उनकी पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गईं, जबकि मेजर के मामा की मौत हो गई। लखनऊ में रहने वाले मेजर दिल्ली से लौट रहे थे। शुक्लागंज से शहर होते हुए उनकी कार हाईवे की ओर जा रही थी।
लखनऊ के छावनी क्षेत्र निवासी मेजर नील वेव किसी काम से दिल्ली गए थे। देर रात वह कार से पत्नी पूजा नागर (32) और मामा अनिल विल्सन (47) पुत्र एसजीवी विल्सन के साथ लखनऊ लौट रहे थे। हाईवे से आ रहे मेजर कार से कानपुर शुक्लागंज होते हुए शहर पहुंचे थे और हाईवे की ओर जा रहे थे। शनिवार भोर पहर शहर के बाबूगंज स्थिति जीजीआइसी स्कूल के सामने उनकी कार डिवाइडर से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कार सवार अनिल विल्सन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मेजर नील वेव और उनकी पत्नी पूजा गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने घायल मेजर व उनकी पत्नी को अस्पताल भिजवाया और आर्मी के अधिकारियों के साथ परिजनों को सूचना देने के प्रयास शुरू किए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप