स्वर्ण रथ पर विराजमान होकर कृपा लुटाएंगे महावीर स्वामी
जागरण संवाददाता, कानपुर : भगवान महावीर की जयंती 29 मार्च को जैन मंदिरों में विविध कार्यक्रम
जागरण संवाददाता, कानपुर : भगवान महावीर की जयंती 29 मार्च को जैन मंदिरों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्री दिगंबर जैन पंचायती बड़ा मंदिर से श्रद्धालु भगवान की शोभायात्रा निकालेंगे। स्वर्ण रथ पर विराजमान होकर भगवान भक्तों पर कृपा लुटाएंगे। प्रभु का रथ विभिन्न मार्गो से होते हुए नानाराव पार्क स्थित उत्सव स्थल पर पहुंचेगा। वहां प्रभु का अभिषेक, शांति धारा व जन्मोत्सव मनाया जाएगा। आनंदपुरी व स्वरूप नगर व पीरोड स्थित जैन मंदिरों में उत्सव का आयोजन होगा।
एडीएम सिटी सतीश पाल ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट बैठक की और शोभायात्रा मार्ग को दुरुस्त करने का आदेश दिया। उन्होंने नगर निगम के अभियंता से कहा कि सड़क का पैचवर्क किया जाए। अगर बिजली के तार कहीं लटक रहे हों तो उन्हें कसा जाए। नानाराव पार्क में पेयजल, सफाई की व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए। मंदिरों के आसपास भी सफाई कराने के साथ ही चूना छिड़काव किया जाए। सुरक्षा के व्यापक प्रबंध का आदेश दिया। नानाराव पार्क में रात्रि के समय भी व्यापक सुरक्षा की जाए। सिटी मजिस्ट्रेट आरएन पांडेय, विशाल जैन, मनोज जैन रहे।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आएंगे
नानाराव पार्क में आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आएंगे। श्री दिगंबर जैन पंचायती बड़ा मंदिर प्रबंधन की ओर से उन्हें पत्र भेजा गया था। उन्होंने निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।