सुबह स्कूल को निकली थी छात्रा, फिर ऐसा क्या हुआ कि प्रेमी के साथ ट्रेन से कटकर दे दी जान Kanpur News
महाराजपुर हाथीपुर गांव में दिल्ली हावड़ा ट्रैक पर हुई घटना किशोरी के पिता का दोस्त था युवक।
कानपुर, जेएनएन। महाराजपुर थानाक्षेत्र के हाथीपुर गांव में दिल्ली हावड़ा ट्रैक पर प्रेमी युगल ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। अभी तक जान देने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। युवक छात्रा के पिता का दोस्त था। परिवारीजन को उनके संबंधों की जानकारी नहीं थी।
हाथीपुर गांव के करीब रेलवे लाइन पर शुक्रवार दोपहर 1.40 बजे एक किशोरी और युवक ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। महाराजपुर पुलिस ने छानबीन की तो पास में ही स्कूल बैग दिखा। बैग की तलाशी में स्कूल का पहचानपत्र मिला, जिससे छात्रा की शिनाख्त 17 वर्षीय खुशबू पासवान के रूप हुई। वह इंटर की छात्रा थी। युवक के हाथ में नाम मयंक गुदा हुआ था। दाएं हाथ की अंगुली में अंगूठी थी जिसमें मयंक और खुशबू पासवान लिखा था। पुलिस छात्रा के घर पहुंची और मोबाइल पर शवों की फोटो दिखाई तो बेटी के साथ ही युवक की शिनाख्त 26 वर्षीय ट्रैक्टर चालक मयंक यादव के रूप में की।
मयंक छात्रा के पिता दोस्त था और घर आना जाना था। मयंक के पिता व अन्य परिजन भी रोते बिलखते हुए पहुंचे। खुशबू की मां ने बताया कि बेटी रोज की तरह सुबह स्कूल गई थी। एक बजे तक वापस न आने पर स्कूल गई तो पता चला कि आज बेटी पहुंची ही नहीं। सभी खोजबीन में लगे थे कि इतने में पुलिस से घटना की जानकारी मिली। दोनों परिवारों ने प्रेम संबंधों की जानकारी से इन्कार किया। थाना प्रभारी महाराजपुर मुकेश सोलंकी ने बताया कि प्रेम संबंध में दोनों ने जान दी है। कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। आशंका है कि दोनों ने यह सोच कर जान दी कि अलग-अलग जाति के होने की वजह से उनके विवाह का विरोध होगा।
घटनास्थल पर नहीं पहुंचे छात्रा के परिवारीजन
चौकी इंचार्ज राकेश बहादुर ङ्क्षसह ने खुद घर जाकर छात्रा के परिजन को आत्महत्या की सूचना दी। इसके बाद भी दो घंटे से अधिक समय तक परिजन घटनास्थल पर नहीं पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने शव को वहां से हटाया। बाद में परिजन चौकी पहुंचे।