लव जिहाद : नाम-धर्म बदलकर किशोरी को प्रेमजाल में फंसाया, दिल्ली ले जाकर की दरिंदगी
कानपुर के गोविंदनगर थाना क्षेत्र में रहने वाली किशोरी को प्रेमजाल में फंसा कर युवक दिल्ली ले गया और दुष्कर्म किया। 20 दिन बाद पीडि़ता के लौटने पर घटना सामने आई तो थाने में सुनवाई न होने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का हंगामा किया।
कानपुर, जागरण संवाददाता। गोविंदनगर थाना क्षेत्र में एक युवक ने किशोरी को अपना नाम और धर्म बदल कर प्रेमजाल में फंसाया और अपने साथ दिल्ली ले गया, जहां उसके साथ कई दिन दुष्कर्म किया। पीडि़ता किसी तरह अपनी बहन के घर आई और आपबीती बयां की। पीडि़ता की थाने में सुनवाई न होने पर शुक्रवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया।
गोविंदनगर क्षेत्र के सफाई कर्मी ने बताया कि 16 वर्षीय छोटी बहन 20 दिसंबर को बहन-बहनोई के घर गई थी। 23 दिसंबर को वह लापता हो गई। आरोप है कि उन्होंने गोविंदनगर थाने में बहन की गुमशुदगी दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने उसे तलाशने की जहमत नही उठाई। 12 जनवरी की सुबह बहन घबराई हुई बड़ी बहन के घर पहुंची। उसने बताया कि दिल्ली का टिल्लू घर के पास नाना-नानी के घर रहने आया था।
उसने शादी का झांसा देकर फंसाया और बहला-फुसलाकरदिल्ली ले गया, जहां पता चला कि उसका नाम टिल्लू नहीं आरिफ खान है। उसने कई दिनों तक दुष्कर्म किया। विरोध पर धमकाता था। वह किसी तरह से वहां से भागकर आई है। पीडि़ता के भाई ने बताया कि वह थाने पहुंचे तो पुलिस ने भगा दिया। शुक्रवार को उन्होंने बजरंग दल के दिलीप बजरंगी व कार्यकर्ताओं की मदद ली। उन लोगों ने थाने में हंगामा किया तो पुलिस ने दोबारा तहरीर ली।
-मामला प्रेम प्रसंग का है। युवक के साथ नाबालिग मर्जी से गई थी। लव जिहाद जैसा कोई मामला नहीं है। स्वजन की तहरीर के आधार पर पाक्सो व दुष्कर्म की धारा में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। आरोपित को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। -विकास कुमार पांडेय, एसीपी गोविंदनगर