कानपुर देहात: आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध पर दो युवकों को किया लहूलुहान, पुलिस ने आरोपितों को पकड़ा
कानपुद देहात में चाय की दुकान में बैठे समुदाय विशेष के लोगों ने पहले तो एक युवक पर टिप्पणी की और जब युवक ने इसका विरोध किया तो युवकों ने अपने साथियों संग मिलकर जमकर पीट दिया। पुलिस ने दो आरोपितों को पकड़ा है। घायलों का इलाज चल रहा है।
कानपुर देहात, जागरण संवाददाता। समुदाय विशेष के लोगों ने युवक को देखकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। विरोध करने पर उसको जमकर पीटा, बचाने आए उसके एक साथी को भी पीटकर लहूलुहान कर दिया। सिकंदरा थाना प्रभारी राम गोविंद मिश्रा ने भागे दो आरोपितों को पकड़ लिया। बताया कि दोनों घायल युवक बोलने की स्थिति में नहीं है। इससे विवाद का कारण नहीं पता चल पाया। पूछताछ में टिप्पणी को लेकर विवाद की बात सामने आई है, मुकदमा दर्ज किया जाएगा। घायल युवकों को अस्पताल भेजा गया।
मालवीय नगर निवासी रामू पाल गुरुवार रात कानपुर जा रहे थे। बिरहाना चौराहे पर वह सवारी के इंतजार में थे, तभी चाय-नाश्ते का होटल किए जहूर की दुकान पर दूसरे समुदाय के लोग बैठे थे। उन लोगों ने रामू पर आपत्तिनक टिप्पणी कर दी। इसका उसने विरोध करने पर समुदाय विशेष के 10 से 12 लोग जुट गए और जमकर पीटा। बचाने दौड़े साथी दिलीप कुशवाहा को भी डंडे मारकर घायल कर दिया। जानकारी होते ही रामू के पक्ष के लोग भी पहुंचे तब तक हमलावर भाग चुके थे।