धारकुंडी आश्रम में केशव मौर्य ने किया पूजन-अर्चन, कोल अदिवासियों के लिए कही ये बात Chitrakoot News
चित्रकूट में विकास कार्यों की समीक्षा और पर्यटन स्थल के विकास को लेकर बैठक की।
चित्रकूट, जेएनएन। मध्यप्रदेश की सीमा पर सतना स्थित धारकुंडी आश्रम में बुधवार की दोपहर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पूजन-अर्चन किया। उन्होंने धारकुंडी को पर्यटन की मुख्य धारा से जोडऩे और यूपी सीमा से जुड़ी सड़क बनवाने का एलान किया। इसके बाद चित्रकूट के कर्वी मुख्यालय में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक शुरू की है, यहां अफसरों के साथ भाजपा नेता भी मौजूद थे।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का हेलीकॉप्टर बुधवार की दोपहर धारकुंडी आश्रम के पास बने हेलीपैड पर उतरा। इसके बाद आश्रम में उपमुख्यमंत्री ने स्वामी परमहंस जी महाराज के दर्शन करके पूजन-अर्चना किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के भाजपा नेता भी मौजूद रहे।
यहां पर उन्होंने कहा कि धारकुंडी जैसे पर्यटन स्थल को पर्यटन की मुख्य धारा से जोड़ा जाएगा। यूपी सीमा से होकर जाने वाले श्रद्धालुओं को अब खराब सड़क की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा, यह सड़क जल्द बनवाई जाएगी। आदिवासियों को जंगल सीमा से हटाए जाने को लेकर कहा कि पाठा क्षेत्र के विकास को लेकर प्रदेश सरकार गंभीर है, कोल आदिवासी अपना अधिकार पाएंगे।
आश्रम में करीब 20 मिनट रुकने के बाद उपमुख्यमंत्री चित्रकूट पहुंचे, जहां चित्रकूट इंटर कालेज परिसर में बने हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर उतरा है। गार्ड ऑफ ऑनर के बाद काफिला डाक बंगला कर्वी पहुंचा। उपमुख्यमंत्री ने विकास कार्यों के साथ चित्रकूट के पर्यटन विकास को लेकर बैठक शुरू की। यहां अधिकारी और भाजपा नेता शामिल रहे।