केशव मौर्य बोले, सीएए पर कांग्रेस और सपा कर रहे वोट की राजनीति Fatehpur News
डिप्टी सीएम ने कानून को लेकर कांग्रेस और सपा को आड़े हाथों लिया मुद्दाविहीन हो चुके मोदी विरोधियों की मुस्लिम वोट पाने की पाने की चाल बताई।
फतेहपुर, जेएनएन। प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सीएए (नागरिकता संशोधन अधिनियम) ने कांग्रेस और सपा को जमकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि दोनों दल अफवाह फैला रहे हैं कि मुस्लिम देश से निकाल दिए जाएंगे। अरे भाई! यह कानून नागरिकता देने वाला है, नागरिकता छीनने वाला नहीं है। वह शुक्रवार को गाजीपुर से विजयीपुर मार्ग के साथ ही शाह के कई मार्गों का शिलान्यास करने फतेहपुर आए थे।
प्रियंका की राह पर चले अखिलेश
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुस्लिमों के वोट को पाने के लिए कांग्रेसी और सपाई चाल चल रहे हैं। लोगों के भ्रम को निकालने के लिए भाजपा बूथ स्तर तक इस कानून के तहत लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चला रही है। आने वाले समय में यह भ्रम भी खत्म हो जाएगा। सीएए की उपद्रव में साजिश रचकर काम किया गया तो उपद्रव में मारे गए लोगों के घर पहले प्रियंका वाड़ा गईं अब अखिलेश भी इसी राह के साथी हो लिए हैं। सरकारी संपत्ति के नुकसान करने वालों के साथ वसूली कराई जा रही है। लोकतंत्र में हर किसी को विरोध दर्ज कराने का अधिकार है लेकिन तोडफ़ोड़ और उपद्रव करने का नहीं है।
मेधावी के घर और स्कूल दोनों की बनेगी सड़क
डिप्टी सीएम ने मंच से एलान किया कि प्रदेश में मेधा की कमी नहीं है। वह अपना काम कर रहे हैं तो सरकार ने सोचा कि हमें भी कुछ करना चाहिए। सत्र 2016-17 में मेधावी के घर तक सड़क बनाने का काम किया तो अब इसमें परिवर्तन किया गया है। मेधावी के घर तक और संबंधित स्कूल के घर तक सड़क बनाई जाएगी। सरकार को यह बात तब याद आई जब बदायूं के एक मेधावी ने पत्र लिखकर कहाकि उसके घर तक तो पक्की सड़क बनी है। अगर स्कूल की सड़क बनवा दी जाए तो बेहतर होगा।