NSUI की महासचिव ने कहा, बेटियों पर अत्याचार नहीं रोक पा रही सरकार
फतेहपुर कांड की पीडि़ता का हाल लेने के लिए एलएलआर अस्पताल हैलट पहुंची थीं।
कानपुर, जेएनएन। महिलाओं और बेटियों पर हो रहे अत्याचार पर रोक लगाने में सरकार पूरी तरह से नाकाम हो रही है। न्याय के लिए गुहार लगाने वाली बेटियों की आवाज को अनसुना किया जा रहा है। हैलट में भर्ती फतेहपुर एवं उन्नाव की दुष्कर्म पीडि़ताओं का हाल जानने आईं नेशनल स्टूडेंस यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआइ) की महासचिव करिश्मा ठाकुर व पूर्व सांसद अन्नू टंडन ने कहीं।
उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा लगाने वाली सरकार बेटियों का दर्द नहीं समझ रही है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने दोनों पीडि़ताओं की रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दोनों पीडि़ताओं व उनके परिवार के लोगों के साथ हैैं। उन्हें हरसंभव कानूनी एवं आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इन घटनाओं के विरोध में कांग्रेस आंदोलन करेगी। पूर्व सांसद ने कहा, ऐसी घटनाओं से प्रदेश के साथ-साथ उन्नाव के सम्मान को भी ठेस पहुंची है।
सपा कार्यकर्ताओं ने पीडि़त के परिवार को दी आर्थिक मदद
सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव महेंद्र चौहान व नगर अध्यक्ष अब्दुल मुईन खां की अगुवाई में सपा कार्यकर्ताओं ने फतेहपुर की दुष्कर्म पीडि़ता के इलाज के लिए 25 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी। सपा के प्रांतीय व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु गुप्ता, पूजा बंसल, संजय बिस्वारी ने भी पीडि़ता के परिवार वालों से मुलाकात की।