Kanpur Weather Update: अगले दो दिनों में सर्दी से मिलेगी कुछ राहत, उत्तर पश्चिमी हवा पर लग सकता ब्रेक
जम्मू कश्मीर के नजदीक सक्रिय हो रहा पश्चिमी विक्षोभ। अधिकतम तापमान 21.8 और न्यूनतम 10.6 रिकॉर्ड हुआ। अधिकतम आद्रता में 10 फीसद की गिरावट मिली है। बुधवार को अधिकतम आद्रता 97 फीसद थी जबकि एक दिन बाद 87 फीसद रह गई है।
कानपुर, जेएनएन। बढ़ती ठिठुरन और सिहरन के बीच अगले दो दिन सर्दी से थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं। जम्मू कश्मीर के नजदीक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे मैदानी क्षेत्रों में आ रही उत्तर पश्चिमी हवा पर ब्रेक लग जाएगा।अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। हवा की रफ्तार में भी कमी आ जाएगी। शनिवार या रविवार से जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में बर्फ पड़ेगी और बारिश होगी। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने तक ठंडी हवा का आना कम हो जाएगा।
हवा में आर्द्रता हुई कम
दिन के मुकाबले रात के तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना बन रही है। बंगाल की खाड़ी और असोम के पास चक्रवाती हवा का क्षेत्र बन गया है। इनकी वजह से मौसम में अचानक बदलाव आ सकते हैं। सुबह कोहरा पड़ेगा, जबकि दोपहर में धूप निकलेगी। गुरुवार को अधिकतम तापमान 21.8 और न्यूनतम 10.6 रिकॉर्ड हुआ। अधिकतम आद्रता में 10 फीसद की गिरावट मिली है। बुधवार को अधिकतम आद्रता 97 फीसद थी, जबकि एक दिन बाद 87 फीसद रह गयी है । डॉ. पांडेय के अनुसार 25 या 26 जनवरी से एक बार फिर सर्दी बढ़ सकती है। पहाड़ों से ठंडी हवा मैदानी क्षेत्रों की ओर आएगी। कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, कन्नौज, मथुरा आदि शहरों में मौसम शुष्क रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।