Kanpur Weather Update: आज शाम से आएगी कैस्पियन सागर की शुष्क हवा, कल सुबह से और गिरेगा तापमान
जम्मू कश्मीर में सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ चीन के पास पहुंच गया है जिससे मैदानी क्षेत्र अभी राहत है लेकिन कैस्पियन सागर से आने वाली शुष्क ठंडी हवा रविवार की सुबह से तेजी से ठंड में इजाफा करेंगी। हल्की धुंघ के साथ बदली छाए रहने की संभावना बन रही है।
कानपुर, जेएनएन। जम्मू कश्मीर के पास सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ लद्दाख से होता हुआ चीन की ओर पहुंच गया है। इससे वहां तो ठंडी पड़ेगी, जबकि घड़ी की विपरीत दिशा की ओर चल रही हवा ने उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में राहत दी है। यह हवा का क्षेत्र शनिवार की शाम को बंद हो जाएगा, जबकि कैस्पियन सागर की ओर से शुष्क ठंडी हवा फिर से आनी शुरू हो जाएंगी। सुबह और शाम को हल्की धुंध गिरने लगेगी। दोपहर के समय सामान्य से तेज हवा चलने के आसार हैं। बदली छाई रहेगी, जबकि बारिश के आसार बहुत कम हैं।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने कुछ दिन पहले तक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और जम्मू कश्मीर के बार्डर गिलगिट के ऊपर सक्रिय हुआ था। इसकी वजह से मौसम प्रभावित हो गया। पहाड़ी क्षेत्रों पर बर्फबारी हुई, जबकि मैदानी इलाकों में बूंदाबांदी और हल्की वर्षा हुई। पश्चिमी विक्षोभ के असर से चली तेज हवा मैदानी क्षेत्रों से आगे बढ़ीं, जबकि दूसरी ओर से तूफानी चक्रवात निवार के साथ नमी लिए हवा आपस में टकरा गई। पश्चमी विक्षोभ संग चली एंटी क्लॉकवाइज (घड़ी की विपरीत दिशा) चली हवा ने नमी लिए हवा को अपने में खींच लिया। नमी के चलते आसमान में बादल बन गए। यह बादल शाम के समय पृथ्वी से बाहर की ओर निकलने वाली गर्मी को रोक लेते हैं, जिससे वातावरण गर्म रहता है।
कैस्पियन सागर की ओर से आएगी हवा
डॉ. पांडेय के मुताबिक फिलहाल अभी कोई नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं हुआ है, जबकि बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम पैदा होने के आसार हो गए हैं। सर्दी का सितम इस वर्ष रिकार्ड तोड़ सकता है।
शून्य पर पहुंचा न्यूनतम तापमान
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम रहा। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 93 प्रतिशत और न्यूनतम 38 प्रतिशत रही। उत्तर पूर्वी हवा 2.2 किमी प्रतिघंटा की दर से चलती रही। पूर्वानुमान है कि इस सप्ताह जिला स्तर पर आसमान साफ रहेगा।