Kanpur Weather Update: हवा की रफ्तार पड़ी धीमी, सर्दी का सितम जारी
कानपुर शहर में तापमान में गिरावट जारी है और गलन से कंपकपी छूट रही है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हवा की दिशा बदलकर उत्तर पश्चिम की बजाय उत्तर पूर्वी हो गई है। इससे नमी के लिए चलते सर्दी का असर बरकरार है।
कानपुर, जेएनएन। बीते कुछ दिनों से सता रही तेज ठंडी हवाओं की रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई है लेकिन सर्दी का सितम जारी है। सुबह धुंध के साथ गलन बेहाल कर रही है और जनजीवन अस्त व्यस्त ही है। शहर में रविवार सुबह भी कोहरा छाया रहा और ठंड में कंपकपी छूटती रही। रात से सुबह तक लोग अलाव का सहारा लेने को मजबूर रहे।
मौसम विभाग की मानें तो जम्मू कश्मीर के नजदीक सैकड़ों फिट की ऊंचाई पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसकी वजह से उत्तर पश्चिम दिशा से आ रही हवा का रुख बदल गया है। अब यह उत्तर पूर्वी दिशा में चल रही है। इसकी रफ्तार भी कुछ कम हो गई है। वातावरण में नमी के चलते सर्दी का असर पहले की तरह बना हुआ है। तापमान में लगातार उतार चढ़ाव जारी है। सुबह शाम को कोहरा पड़ेगा, जबकि दोपहर में धूप निकलेगी। शनिवार को अधिकतम तापमान 18.6 और न्यूनतम 9.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। अधिकतम आर्द्रता 92 फीसद थी। हवा की औसत गति 4.7 किलोमीटर प्रति घंटे मिली।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अभी रविवार और सोमवार को मौसम इसी तरह से रहेगा। मंगलवार से सर्दी कुछ बढ़ जाएगी। कोहरा पड़ना जारी रहेगा। अधिकतम तापमान में ज्यादा असर नहीं होगा, जबकि न्यूनतम तापमान कम हो जाएगा। हवा सामान्य से तेज चलेगी। पहाड़ो पर गिरी बर्फ और वर्षा की वजह से आर्द्रता बनी रहेगी। बंगाल की खाड़ी के पास चक्रवाती हवा को क्षेत्र बन रहा। यह भी नमी की मात्रा को बढ़ाएगी। अभी सर्दी जारी रहेगी, जिससे बचाओ के लिए बच्चों और बुजुर्गों को एहतियात रखना जरूरी है। पशुपालक अपने पशुओं का ध्यान रखें। फसलों का प्रबंधन आवश्यक है।