Kanpur Weather Update: बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई सर्दी, न्यूनतम तापमान गिरने से छूटेगी कंपकपी
पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद आने वाली हवाओं से मैदानी क्षेत्रों में सर्दी का सितम बढ़ गया है। रविवार की रात से शीत लहर चलने से गलन का अहसास तेज हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार सुबह शाम कोहरा घना होगा आने वाले दिनों में बादल छा सकते हैं।
कानपुर, जेएनएन। चार से पांच दिन हल्की राहत के बाद फिर से शीत लहर चलने लगी है। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के बाद आने वाली बर्फीली हवाओं ने रविवार की रात से सर्दी बढ़ा दी है। अधिकतम से ज्यादा न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी। सुबह शाम कोहरा पड़ेगा, जबकि दोपहर में धूप निकलेगी। एक दो दिन के अंतराल में हल्के बादल भी छाए रह सकते हैं। यह स्थिति मौसम में और उतार चढ़ाव करेंगे। सामान्य से तेज रफ्तार से हवा चलेगी।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि रविवार से शाम को जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में जमकर बारिश हुई और बर्फ भी पड़ी। यहां की ठंडी हवा दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों की ओर से आ रही हैं। यह स्थिति कड़ाके की सर्दी पड़ने की ओर इशारा कर रही है। रविवार को अधिकतम तापमान 18.8 और न्यूनतम 9.4 डिग्री सेल्सी रिकॉर्ड हुआ। अधिकतम आर्द्रता 97 फीसद रही। एक दिन पहले आर्द्रता 92 थी।
डॉ. पांडेय के मुताबिक कड़ाके की सर्दी जारी रहेगी। कोहरा काफी घाना छाया रहेगा। बंगाल की खाड़ी के पास चक्रवाती हवा का क्षेत्र विकसित हुआ है, लेकिन उसका असर कमजोर है। किसानों के लिए फसलों का प्रबंधन करना जरूरी है। कीट या रोग की आशंका पर तुरंत कृषि विशेषज्ञों से संपर्क करें।