Kanpur Weather: बादलों और सूरज के बीच लुकाछिपी का खेल, 15 अगस्त के बाद यूपी की ओर मुड़ सकती मानसून की रेखा
Kanpur Weather News सूरज और बादलों के बीच आंखमिचौनी का खेल जारी है और हल्की बारिश के बाद उमस से लोग बेहाल हैं। मौसम विभाग की मानें तो 15 अगस्त के बाद एक बार फिर मानसून की रेखा यूपी की ओर रुख कर सकती है।
कानपुर, जागरण संवाददाता। Kanpur Weather News : मानसून की अक्षीय रेखा बदलने के कारण गंगा के मैदानी क्षेत्र में वर्षा की गतिविधि में कमी आई है। मंगलवार की सुबह से आसमान में बादल छाए हैं और सूरज के बीच लुकाछिपी का खेल जारी है। मध्यह्न हल्की बारिश हुई और फुहारों से मौसम खुशगवार हो गया।
सोमवार से 24 घंटे में 30.8 मिलीमीटर वर्षा के बाद धूप खिलने से उमस बढ़ गई थी। वहीं अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मंगलवार की सुबह एक बार फिर अचानक मौसम में बदलाव देखा गया। बादलों के बीच सूरज छिपा रहा और दोपहर में हल्की बारिश से मौसम सुहाना हो गया लेकिन उमस बरकरार है।
मौसम विभाग ने भी इस सप्ताह दिन का तापमान ज्यादा रहने की संभावना जताई है। हालांकि नम हवा व बादलों के कारण कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय बताते हैं कि 15 अगस्त के बाद फिर से मानसून की रेखा उत्तर प्रदेश की ओर मुड़ सकती है।
उन्होंने बताया कि इससे वर्षा में तेजी आ सकती है। मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिन तक मध्यम बादल छाने और 13 अगस्त तक तेज हवा व गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी व हल्की वर्षा होने की संभावना जताई है। इस दौरान दिन में तेज धूप भी खिलने के आसार हैं। इससे उमस जारी रहेगी।
कानपुर में आज का तापमान
अधिकतम तापमान : 34.8 डिग्री सेल्सियस (+2.4)
न्यूनतम तापमान : 26.6 डिग्री सेल्सियस (+0.6)
आर्द्रता : अधिकतम 77 प्रतिशत और न्यूनतम 55 प्रतिशत
हवा की गति एवं दिशा : 6.3 किमी/घंटा उत्तर पूर्व की ओर।
पूर्वानुमान : भारतीय मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।