कानपुर दवा कारोबारी हत्याकांड: शालू को देख सुब्रत ने फेर लिया मुंह, पूछताछ में फूट-फूटकर रोई
कानपुर में दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में पुलिस की पूछताछ जारी है। बहू शालू और बेटे सुब्रत का आमना-सामना कराया गया।
-1790220958315_m.webp)
पति को देखते ही फूट-फूटकर रोई शालू।
HighLights
शालू और सुब्रत का आमना-सामना, सुब्रत ने पहचानने से किया इनकार।
पुलिस ने शालू, विशाल और राजकिशोर से की गहन पूछताछ।
सुब्रत की गिरफ्तारी के पीछे संपत्ति विवाद और विशाल के बयान।
जागरण संवाददाता, कानपुर। दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड रिश्तों की कमजोर पड़ती डोर, टूट रहे सामाजिक ताने-बाने का उदाहरण है। पिछले कुछ दिनों में कई ऐसे दृश्य देखने को मिले, जो हतप्रभ करने वाले हैं। बाप-बेटे, ससुर-बहू और पति-पत्नी का रिश्ता संपत्ति के लालच में छोटे नजर आए।
बुधवार को भी यह दृश्य देखने को मिला, जब कल्याणपुर थाने में फूट-फूटकर रो रही शालू ने पति सुब्रत को उम्मीदों भरी नजरों से देखा और सुब्रत ने उसे देखकर नजर घुमा ली। अब नए सामने आ रहे घटनाक्रम के बाद पुलिस शालू के शामिल होने के तथ्यों की जांच पड़ताल कर रही है।
कोर्ट से रिमांड मिलने के बाद बुधवार दोपहर पुलिस तीनों आरोपितों को जेल से सीधे जेड स्क्वॉयर मॉल लेकर पहुंची। यहां पुलिस ने शालू और विशाल की खरीदारी से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की। जांच टीम यह जानना चाहती है कि दोनों मॉल कब पहुंचे, कितनी देर वहां रहे और हत्या की घटना से इसका कोई संबंध था या नहीं।
शालू से पहले अकेले पूछताछ की गई
यहां से तीनों को कल्याणपुर थाने लाया गया। पहले शालू से करीब 20 से 25 मिनट पुलिस ने अकेले में पूछताछ की। इसके बाद आधे घंटे तक विशाल और राजकिशोर से पूछताछ हुई। फिर तीनों को एक साथ बैठाकर करीब 15 मिनट तक पूछताछ की। पूछताछ के दौरान शालू रोती ही रही।
-1789809156835.webp)
पति के सामने रोने लगी शालू
इस पूछताछ के पुलिस ने शालू और सुब्रत का आमना सामना कराया। गिरफ्तारी के बाद से दोनों पहली बार मिल रहे थे। पुलिस की पूछताछ से टूट चुकी शालू ने जैसे ही पति सुब्रत को देखा वह जोर-जोर से रोने लगी। सुब्रत को पकड़ कर उसने बेटे श्रीजय का हाल पूछा।
-1790220909424.webp)
पुलिस की कस्टडी में नौकर विशाल और उसका दोस्त राजकिशोर। जागरण
शालू को देख सुब्रत ने मुंह फेर लिया
मगर, सुब्रत ने कोई जवाब देने के स्थान पर मुंह फेर लिया, जैसे वह उसे पहचानता ही न हो। शालू ने पति का यह रुख देखा ताे दंग रह गई। उसने सुब्रत से जेल में न मिलने आने के लिए उलाहना भी दिया। इस दौरान दोनों के बीच तनाव साफ नजर आया।
-1789587309646_v.webp)
इसके बाद पुलिस तीनों को आइआइटी पुलिस चौकी ले गई, जहां देर शाम दोबारा तीनों से पूछताछ की गई। इस बार पूछताछ के क्रम में सुब्रत को भी शामिल किया। पुलिस का ज्यादा समय सुब्रत से ही पूछताछ में बीता। शालू को रात में कल्याणपुर की महिला हेल्पडेस्क में जबकि विशाल और राजकिशोर को थाने में रखा गया है। शालू का बीपी बढ़ने की वजह से डाक्टर की भी ड्यूटी लगाई गई है।
छह सदस्यीय टीम ने तैयार किए 200 सवाल
पुलिस ने पूछताछ के लिए सवालों की विस्तृत सूची तैयार की थी। थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी और विचेवक समेत छह पुलिसकर्मियों की टीम ने करीब 200 सवाल तैयार किए। इनमें हत्या से पहले आरोपियों के संपर्क, मोबाइल लोकेशन, बातचीत, पैसों के लेनदेन, फ्लैट में आने-जाने और घटना के बाद की गतिविधियों से जुड़े सवाल शामिल हैं।

पूछताछ के दौरान आरोपियों के जवाबों का मिलान सीडीआर और पुलिस के पास मौजूद अन्य साक्ष्यों से किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि तीनों आरोपियों के बयान एक-दूसरे से मेल खाते हैं या उनमें कोई विरोधाभास है। पूछताछ की वीडियोग्राफी भी कराई गई है, ताकि जांच के दौरान हुई प्रक्रिया का रिकार्ड सुरक्षित रहे।
ससुर-बहू के रिश्ते कब बिगड़े, तलाश रही पुलिस
जांच का एक अहम सवाल यह भी है कि विनीत मिनोचा और शालू के रिश्ते कब से खराब हुए। पुलिस पारिवारिक विवाद, संपत्ति से जुड़े मतभेद और घरेलू मामलों समेत अलग-अलग पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।

जांच अधिकारी यह जानना चाहते हैं कि दोनों के बीच विवाद था या विशाल ने वाकई सुब्रत के कहने पर शालू का नाम लिया। शालू को लेकर पुलिस ने अभी कोई फैसला नहीं किया है। पुलिस उसे आरोपित मानकर ही चल रही है। इसके साथ ही पुलिस शालू और विशाल के बीच संपर्क की अवधि और उनके बीच हुए लेनदेन की भी पड़ताल कर रही है।
700 से ऊपर पहुंचा सुब्रत का ब्लड शुगर
पुलिस के मुताबिक, सुब्रत से पूछताछ के दौरान उसकी तबीयत कई बार खराब हुई। जांच में उसका ब्लड शुगर बढ़ा मिला, जो एक बार 700 के ऊपर पहुंच गया। पुलिसकर्मियों ने डॉक्टरों की सलाह पर उसे दवा दी तब जाकर हालत काबू में आए।
-1790189339599.webp)
इन वजहों से हुई सुब्रत की गिरफ्तारी
- सुब्रत के मेडिकल स्टोर पर विशाल सालों से नौकर था। पुलिस ने हत्या के बाद जब उसे सीसीटीवी फुटेज दिखाए तो सुब्रत ने उसे पहचानने से मना कर दिया। हालांकि सुब्रत ने इसके पीछे नशे में होना वजह बताया।
- विशाल ने तीन दिन पहले जिस सिम का प्रयोग किया था, उसकी पहली कॉल सुब्रत को की थी।
- एक तथ्य यह भी है कि दवा कारोबारी की हत्या और पत्नी के जेल जाने से कोई सर्वाधिक लाभ में रहा है तो वह सुब्रत ही है।
- विनीत मिनोचा का अपने बेटे सुब्रत से पिछले दिनों झगड़ा हुआ था, यह झगड़ा प्रतिष्ठान में लगातार हो रही चोरियों को लेकर थी। यह चोरी सुब्रत अपने नौकर विशाल की मदद से कराता था। विशाल ने इसकी स्वीकारोक्ति की है।
- हत्या से कुछ दिनों पहले विनीत मिनोचा ने बेटे को घर पर धमकाया भी था और उसे लेकर काफी हंगामा हुआ था। सुब्रत, शालू व विशाल ने इस घटना को भी सही माना है।
- सुब्रत पर करीब पंद्रह लाख रुपये की देनदारी सामने आई है। यह पैसा उसने शराब, आइपीएल सट्टा और अय्याशी में खर्च किया।
- पिछले दिनों सुब्रत कारोबार से जुड़ी मीटिंग में जाने को कहकर घर से गोवा के लिए निकला। कुछ अन्य संबंध भी सामने आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें- कानपुर में दवा कारोबारी हत्याकांड में बेटा गिरफ्तार, नौकर बोला- शालू ने नहीं, सुब्रत ने करवाई पिता की हत्या
