कानपुर में दरवाजा तोड़कर शिव मंदिर में घुसे चोर, दानपात्र तोड़कर की लूट; पुलिस हिरासत में 3 आरोपी
कानपुर के शास्त्री नगर स्थित शिव मंदिर में गुरुवार देर रात चोरी हुई, जहां एक चोर ने दानपात्र और दरवाजे को तोड़ा।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया।
जागरण संवाददाता, कानपुर। काकादेव थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर सब्जी मंडी स्थित शिव मंदिर में गुरुवार देर रात एक चोर ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। टोपी पहनकर मंदिर में घुसे संदिग्ध ने साबड़ से दरवाजे और दानपात्र को तोड़ दिया। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान करने में जुटी है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर रात एक संदिग्ध टोपी पहनकर शिव मंदिर में दाखिल हुआ। इसके बाद उसने साबड़ की मदद से दरवाजे को तोड़ा और दानपात्र को निशाना बनाया। मंदिर में चोरी करने के बाद वहां से निकल गया।
घटना की जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि सीसी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मंदिर में हुई चोरी में आरोपियों की क्या भूमिका है और वारदात में कौन-कौन शामिल था। जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- रांची के जगन्नाथपुर मंदिर में लूट का विरोध करने पर हुई गार्ड बिरसा की हत्या, 25 साल की सेवा का दुखद अंत
