विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में दोस्तों संग सिद्धनाथ घाट गए किशोर की गंगा में डूबकर मौत, नहाते समय गहराई में चला गया

Published: Mon, 20 Jul 2026 01:36 PM (GMT+05:30)

कानपुर के जाजमऊ स्थित सिद्धनाथ घाट पर गंगा में नहाते समय 15 वर्षीय किशोर अंश गुप्ता की डूबकर मौत हो ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, कानपुर। जाजमऊ के सिद्धनाथ घाट पर रविवार को गंगा में डूबकर चकेरी के घाऊखेड़ा निवासी किशोर की मौत हो गई। वह अपने दो साथियों संग नहाते समय गहराई में चला गया था।

घाट किनारे खड़े स्थानीय गोताखोरों ने दो लोगों को बाहर निकाल लिया, लेकिन तीसरे को बचाया नहीं जा सका। उसे शुक्लागंज से आए गोताखोरों ने निकाला। कांशीराम अस्पताल में डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस साथियों से पूछताछ कर रही है।

घाऊखेड़ा निवासी परचून दुकानदार भोलू गुप्ता के दो बेटों में 15 वर्षीय छोटा अंश गुप्ता 11वीं का छात्र था। रविवार दोपहर करीब 12 बजे खाना खाकर वह मां अर्चना गुप्ता से खेलने जाने की बात कहकर साइकिल से निकला था। अंश के बड़े भाई कृष्णा ने बताया कि वह साथ में मोबाइल फोन भी ले गया था।

वह कुछ दोस्तों के संग एचएएल मैदान में खेलता रहा। फिर वह छह साथियों संग जाजमऊ स्थित सिद्धनाथ घाट जा पहुंचा। जिसकी जानकारी किसी के घर और परिवार को नहीं थी। कृष्णा के अनुसार पुलिस ने उन्हें भाई के मोबाइल फोन से डूबने की जानकारी दी।

बताया गया कि गंगा नहाते समय तीन लोग आगे चले गए जबकि अन्य तीन पीछे थे। पानी कम होने के कारण आगे बढ़ते चले गए। जिसके बाद आगे गहराई में पहुंचकर डूबने लगे। यह देख घाट किनारे मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो स्थानीय गोताखोर गंगा में कूदकर दो को बाहर निकाल लाए।

वहीं, तीसरा अंश काफी गहराई में जा चुका था। पुलिस ने साथियों से पूछताछ कर अंश के कपड़ों में रखे मोबाइल फोन से घर पर फोन किया। सिद्धनाथ घाट पहुंचे स्वजन के सामने जल पुलिस तलाश करती रही लेकिन, सफलता नहीं मिली।

इसके बाद शुक्लागंज से आए गोताखोरों ने करीब ढाई घंटे बाद अंश को बाहर निकाला। जाजमऊ थाना प्रभारी संजय पांडेय का कहना है कि किशोर दोस्तों संग गंगा नहाने पहुंचा था। वहां डूबकर उसकी मौत हो गई। उसके दो साथियों को बचा लिया गया है।

यह भी पढ़ें- बिजनौर में साथियों ने युवक को नशे की हालत में घर छोड़ा, रात में हो गई मौत