पति की डांट से नाराज पत्नी ने की आत्महत्या, सुसाइड के तीन मामलों से दहल उठा कानपुर
कानपुर में तीन अलग-अलग घटनाओं में आत्महत्याएं हुईं। बर्रा में पत्नी के तलाक नोटिस से परेशान पति ने फंदा लगा लिया।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, कानपुर। बर्रा में पत्नी के तलाक का नोटिस भेजने से पति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं नर्वल में समारोह के दौरान पति के डांटने से नाराज विवाहिता ने खुदकुशी कर ली।
बर्रा विश्व बैंक निवासी 30 वर्षीय रोशनलाल का पत्नी किरन से विवाद चल रहा है। भांजे रोशन ने बताया कि इस वजह से मामी किरन छह महीनों से मायके में रह रही हैं। हाल ही में तलाक का नोटिस आने से मामा परेशान चल रहे थे। शनिवार देर रात वह खाना खाकर सोने चले गए।
रविवार सुबह मां राजवती ने आवाज दी तो कोई जवाब नहीं मिला। पड़ोसियों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ा गया तो रोशन का शव फंदे पर लटकता मिला। वहीं नर्वल के पनौरी गांव निवासी दीपक सिंह की छह साल पहले चकेरी के मवइया गांव निवासी 30 वर्षीय राधा से शादी हुई थी। उनका तीन साल का बेटा है।
दीपक ने बताया कि शनिवार को ताऊ के बेटे मोहित की शादी की सालगिरह थी। पार्टी के दौरान नाचने को लेकर दीपक ने राधा को डांट दिया जिससे वह नाराज हो गई। रविवार सुबह बेटे के रोने पर उन्होंने राधा को आवाज दी तो उसका शव फंदे पर लटकता मिला।
उधर महाराजपुर के छतमरा गांव निवासी सराफा दुकानदार सत्येंद्र सिंह की 38 वर्षीय पत्नी निक्की ने देर रात जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि पति से विवाद के बाद निक्की ने आत्महत्या की है।
