'तुम्हारी शक्ल अच्छी नहीं है', पिता का दावा- महिला मित्र के ताने से आहत होकर बेटे ने दी जान
कानपुर के रावतपुर में छात्र आदित्य शर्मा की आत्महत्या के मामले में स्वजनों ने उसकी महिला मित्र पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।

HighLights
रावतपुर में छात्र आदित्य शर्मा ने की आत्महत्या।
स्वजनों ने महिला मित्र पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया।
पोस्टमार्टम में हैंगिंग से मौत की पुष्टि, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, कानपुर। रावतपुर में जम्मू निवासी छात्र आदित्य शर्मा की आत्महत्या के मामले में मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे स्वजन ने महिला मित्र पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया।
पिता का आरोप है कि घटना से चार दिन पहले छात्रा ने फोन कर कहा था कि उनके बेटे की शक्ल ठीक नहीं है, वह सामने न आया करे। पिता के पूछने पर बेटे ने मामूली विवाद बताकर बात टाल दी थी। उधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग से मौत की पुष्टि हुई है।
मूलरूप से जम्मू के राजौरी सुंदरबनी, भांगड़ी निवासी विजय कुमार शर्मा सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) से सेवानिवृत्त कांस्टेबल हैं।
परिवार में पत्नी सुषमा शर्मा और इकलौता बेटा आदित्य था। पिता ने बताया कि आदित्य तीन साल पहले रेडियोलाजी की पढ़ाई के लिए शहर आया था। दो साल हास्टल में रहने के बाद वह तीन महीने से विनायकपुर में रह रहा था। उसके कमरे के सामने ही श्याम नगर निवासी छात्रा भी रहती थी।
रविवार शाम नीब करौली से लौटने के बाद महिला मित्र से विवाद पर आदित्य ने आत्महत्या कर ली। स्वजन ने सवाल उठाया कि आत्महत्या के बाद आखिर महिला मित्र ने अकेले दरवाजा तोड़कर उसे नीचे कैसे उतार लिया।
उधर, मंगलवार सुबह छात्रा की तबीयत बिगड़ गई। उसने सीने में दर्द और मानसिक परेशानी की शिकायत की, जिसके बाद स्वजन ने उसे एलएलआर अस्पताल के मानसिक रोग विभाग में भर्ती कराया। थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि पोस्टमार्टम में हैंगिंग से मौत की पुष्टि हुई है। स्वजन की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है।
