पुलिस खंगाल रही कानपुर के वांछित दो डॉक्टरों की कुंडली, वारंट जारी कराने की तैयारी
किडनी कांड में कानपुर के एसएसपी ने विवेचक से मामले में प्रगति की जानकारी ली है। पुलिस ने अब वांछित चल रहे दोनों डॉक्टरों के घर के पते की जानकारी के बाद अब अदालत से वारंट लेने की कवायद शुरू कर दी है।
कानपुर, जेएनएन। शहर के चर्चित किडनी कांड में वांछित चल रहे छह आरोपितों में दो डॉक्टरों की पुलिस नए सिरे से कुंडली खंगालने में जुट गई है। उनके घर के पते की जानकारी होने पर अदालत से वारंट जारी कराया जाएगा। एसएसपी ने किडनी कांड में अबतक की विवेचना की जानकारी पुलिस से मांगी है। इसके बाद जांच में फिर तेजी आ गई है।
किदवई नगर थाने के पास रहने वाली इलेक्ट्रीशियन की पत्नी संगीता को किडनी गिरोह के सदस्य नौकरी दिलाने के बहाने ले दिल्ली ले गए थे। जहां नौकरी से पहले स्वास्थ्य परीक्षण के नाम पर उसकी किडनी की जांच कराई थी। आरोपितों के फोन पर बातचीत करने के दौरान किडनी निकलवाने की भनक लगी तो किसी तरह वह वहां से भाग निकली थी। जहां बर्रा बाईपास के पास उसका जुनैद और लाल कालोनी निवासी संजय से विवाद हुआ था। जिसके बाद उसने पहली फरवरी 2019 को बर्रा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने 17 फरवरी को डोनर प्रोवाइडर गिरोह के सरगना कोलकाता निवासी टी राजकुमार राव समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर मामले का राजफाश किया था।
इसके बाद एसआइटी ने किडनी कांड की कमान संभाली थी। एसआइटी ने कुल 18 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। मौजूदा समय में सभी आरोपित जमानत पर छूट चुके हैं। किडनी कांड में अभी छह आरोपितों की गिरफ्तारी होनी शेष है। जिसमें कथित डॉ. आनंद और डॉ. केतन कौशिक शामिल हैं। पुलिस इन दोनों डॉक्टरों की कुंडली नए सिरे से खंगालने में जुटी है।
गुरुवार को एसएसपी डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने किडनी कांड की विवेचना कर रहे बर्रा थाना प्रभारी से मामले की प्रगति पूछी। जिस पर विवेचक ने उन्हें डॉक्टरों पर छानबीन केंद्रित होने की जानकारी दी। इस बारे में थाना प्रभारी बर्रा हरमीत सिंह ने बताया कि वांछित चल रहे डॉ. केतन और डॉ. आनंद के बारे में छानबीन की जा रही है। इनके घर के पते की जानकारी न होने से अब तक इनके खिलाफ वारंट जारी नहीं हो सका है। पता के बारे में जानकारी करने के प्रयास जारी हैं।