कानपुर : भाजयुमो नेता और साध्वी में मारपीट का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने दर्ज किए गवाहों के बयान
कानपुर की उस्मानपुर कालोनी में मकान की पहली मंजिल पर रहने वाली 75 वर्षीय साध्वी और भूतल में रहने वाले भाजयुमो नेता के बीच मारपीट का वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने संज्ञान लिया है। पुलिस ने साध्वी और गवाहों के बयान दर्ज किए हैं।
कानपुर,जागरण संवाददाता। उस्मानपुर कालोनी में मकान पर कब्जे को लेकर मंगलवार सुबह हुए विवाद में दंपती ने 75 वर्षीय साध्वी को लाठी से बीच सड़क बेरहमी से पीटा था। उनके सिर पर भी चोटें आई, लेकिन बुधवार को साध्वी के भी दो वीडियो वायरल हुए, जिसमें वह ईंट लेकर भाजपा नेता के पिता मारते और वह साध्वी के पैर छूते दिख रहे हैं। बुधवार को पुलिस ने पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज किए हैं।
उस्मानपुर निवासी साध्वी सरोज दासी ने बताया कि वह वर्ष 1976 से अकेले उस्मानपुर कालोनी की पहली मंजिल रह रही हैं, जबकि नीचे सुरेश शर्मा का परिवार रहता है। उनका बेटा मनीष भट्ठ भाजयुमो में मंडल मंत्री है। वह लोग उनके मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। वह 20 सालों से घर पर कम तीर्थस्थलों पर ज्यादा रहती हैं। इसका फायदा उठा उन लोगों ने उनके कमरे के बगल की खाली जगह पर भी उन लोगों ने नीचे से जीना बनवा उनके हिस्से में कब्जा कर भूसे और कंडे से भरी बोरियां रख दीं हैं।
साध्वी ने बताया कि मंगलवार सुबह मनीष पीछे के रास्ते से घर में घुसकर मारपीट करने लगे थे। वह नीचे पहुंची तो सुरेश के कहने पर उनके बेटे मनीष और मनीष की पत्नी रानी से लाठी से बेरहमी से पीटा और सिर फोड़ दिया। लोगों ने उन्हें बचाया। आरोप है कि पुलिस ने भी छह घंटे बाद उनका मेडिकल कराया और आरोपितों पर हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
वहीं, मामले में साध्वी के भी दो वीडियो वायरल हुए,जिसमें वह ईंट लेकर सुरेश शर्मा से मारने की बात कही रही हैं और सुरेश उनके पैर छू रहे हैं। उन्होंने परिवार के एक सदस्य के वीडियो बनाने पर भी उन्हें दौड़ा और जबरन गेट खोलने का प्रयास किया। हनुमंत विहार थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा ने बताया कि मामले में मारपीट और धमकी में आरोपितों पर मुकदमा दर्ज कर शांतिभंग की कार्रवाई की थी। जांच के बाद अगर कोई धारा बढ़ती है तो बढ़ाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा युवा मोर्चा के दक्षिण जिलाध्यक्ष अंकित गुप्ता का कहना है कि मनीष भाजपा युवा मोर्चा में मंडल मंत्री हैं। उनका मकान की पहली मंजिल पर रहने वाली वृद्ध महिला से पुराना विवाद चल रहा है। वृद्ध महिला से मोहल्ले के कई लोग परेशान हैं। आए दिन वह विवाद कर थाने में जाती हैं। मनीष के मामले में भी महिला ने पहले अपने घर से पथराव किया और ईंट लेकर लोगों को दौड़ाया था। उसकेे माता-पिता से गाली-गलौज की थी, जिसके बाद मारपीट हुई है।