यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 27, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Kanpur News: छेड़खानी के विरोध में युवक की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस बोली मोमोज खाने को लेकर हुआ था विवाद
Kanpur News उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के हनुमंत विहार के मौरंग मंडी झोपड़पट्टी में शनिवार रात को छेड़छाड़ का ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के हनुमंत विहार के मौरंग मंडी झोपड़पट्टी में शनिवार रात को छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपितों ने एक युवक को लोहे की रॉड और ईंट-पत्थर से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक पवन कुमार मूलरूप से उन्नाव में अजगैन के जंगपुर गांव के रहने वाले थे और यहां मौरंग मंडी नौबस्ता में झोपड़ी डालकर रहते थे। हत्याकांड के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ ने नौबस्ता हाईवे पर जाम लगाने का प्रयास करते हुए जबरदस्त हंगामा किया।
मोमोज खाने को लेकर हुआ था विवाद
डीसीपी साउथ रविंद्र कुमार व एसीपी नौबस्ता अभिषेक पांडेय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। एसीपी के अनुसार, छेड़छाड़ को लेकर मारपीट नहीं हुई, बल्कि विवाद मोमोज खाने को लेकर शुरू हुआ।
विवाद रामू से हुआ, जिसने अकेला होने के चलते अपने मामा पवन को बुला लिया था। इसके बाद मारपीट में पवन गंभीर रूप से हो गया। फिलहाल, आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। सभी पांच आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार करने का दावा किया है।
मोमोज की दुकान के बाहर लड़के पी रहे थे शराब
हत्याकांड के बाद हंगामा कर रहे स्थानीय लोगों ने बताया कि मौरंग मंडी झोपड़पट्टी में शनिवार रात 11 से 12 बजे के बीच पिन्टू मोमोज वाले की दुकान के बाहर बैठकर कुछ लड़के शराब पी रहे थे। इनमें टक्कल, आकाश उर्फ चावली, पिंटू, अज्जू उर्फ राहुल, गज्जू समेत अन्य लोग शामिल थे।
इस दौरान मोमोज लेने पहुंची झोपड़पट्टी की एक महिला से इन सभी ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। दुकान के पास ही इलाके के पवन अपने भांजे रामू के साथ खड़े थे। पवन ने छेड़छाड़ का विरोध किया तो आरोपित उनसे भिड़ गए और गाली-गलौज करने लगे। लोगों ने बीच-बचाव किया तो पर आरोपित धमकाते हुए चले गए।
युवक पर लोहे की रॉड व ईंट-पत्थर से किया हमला
आरोप है कि कुछ देर बाद सभी आरोपित दोबारा लौटे और पवन पर लोहे की रॉड व ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। भांजे रामू ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपितों ने उसे भी पीटकर लहूलुहान कर दिया। शोर-शराबा सुनकर इलाकाई लोग दौड़े तो आरोपित मौके से भाग निकले। बाद में पुलिस ने दोनों घायलों को एलएलआर अस्पताल (हैलट) पहुंचाया।
यहां पवन की हालत में सुधार नहीं हुआ तो स्वजन उन्हें लेकर लखनऊ के लिए रवाना हो गए लेकिन रास्ते में ही पवन ने दम तोड़ दिया। इससे आक्रोशित स्वजन व स्थानीय लोगों ने रविवार दोपहर को नौबस्ता हाईवे पर जाम लगाने का प्रयास किया।
डीसीपी साउथ रविंद्र कुमार, एसीपी नौबस्ता अभिषोक पांडेय सर्किल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। आलाधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर आक्रोशित भीड़ को शांत किया। एसीपी अभिषेक पांडेय ने बताया कि मृतक के भांजे की शिकायत पर आरोपितों पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया था, अब हत्या की धारा में मुकदमा तरमीम कर कार्रवाई की जा रही है। नामजद पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
