Kanpur News: SGST के छापों में 1.72 करोड़ रुपये का माल सीज, उन्नाव में मैरिज हाल सील, 14 टीमों ने की कार्रवाई
SGST Raid in Kanpur छापों की कार्रवाई के लिए अपर आयुक्त बृजेश मिश्रा महेंद्र विक्रम सिंह और संयुक्त आयुक्त सुशील कुमार सिंह ने सुबह 14 टीमें बनाईं। इसमें सिविल लाइंस स्थित फुटवियर निर्माता कंपनी कास्मों के यहां छापा मारा गया।
कानपुर, जागरण संवाददाता: शासन के निर्देश पर सोमवार को राज्य वस्तु एवं सेवाकर यानी एसजीएसटी के अधिकारियों ने शहर के अलावा उन्नाव, कानपुर देहात में सात स्थानों पर छापे मारे। इसमें 1.72 करोड़ रुपये का माल सीज किया गया। साथ ही 10 लाख रुपये जमा कराए गए। छापे के दौरान स्थानीय स्तर से पुलिस बल को लिया गया।
छापों की कार्रवाई के लिए अपर आयुक्त बृजेश मिश्रा, महेंद्र विक्रम सिंह और संयुक्त आयुक्त सुशील कुमार सिंह ने सुबह 14 टीमें बनाईं। इसमें सिविल लाइंस स्थित फुटवियर निर्माता कंपनी कास्मों के यहां छापा मारा गया। इसमें तमाम अनियमितताएं मिलीं। शाम तक चली कार्रवाई में टीम ने 84 लाख रुपये का माल सीज किया। इसके अलावा 10 लाख रुपये जमा भी कराए गए।
डीसेंट वियर एंड फुटवियर में छापे की कार्रवाई
वहीं बजरिया में नेशनल आटो पार्ट्स में भी छापा मारा गया। रैना मार्केट में डीसेंट वियर एंड फुटवियर में छापे की कार्रवाई के दौरान 14 लाख रुपये का माल सीज किया गया। कानपुर देहात के पुखरायां में शक्ति एग्रो ट्राली निर्माता और राज इलेक्ट्रिकल के यहां छापा मारा गया। इसमें ट्राली निर्माता के यहां स्टाक रजिस्टर के मुकाबले माल ज्यादा मिला। इस पर 73 लाख रुपये का माल सीज किया गया।
उन्नाव में आशियाना मैरिज हाल में छापा
वहीं इलेक्ट्रिक की दुकान से एक लाख रुपये का माल सीज किया गया। उन्नाव में छोटा चौराहा पर आशियाना मैरिज हाल में छापा मारा गया। मैरिज हाल संचालक ने जीएसटी का पंजीयन नहीं लिया था। अधिकारियों ने कागजों की जांच के बाद मैरिज हाल को सील कर दिया। एक अन्य रहीम कार गैराज पर भी कार्रवाई की गई। रात तक वहां जांच चल रही थी। छापे की कार्रवाई मंगलवार को भी जारी रहेगी।