करवाचौथ पर पत्नी को गिफ्ट देने का किया था वादा, खरीदारी कर लौटी तो फंदे पर लटका मिला पति
कानपुर के काकादेव में एक युवक ने पड़ोसी की धमकियों और छेड़छाड़ के मुकदमे में फंसाए जाने के डर से आत्महत्या कर ली।

एआई जनरेटेड तस्वीर।
HighLights
कानपुर में युवक ने पड़ोसी की धमकियों से तंग आकर आत्महत्या की।
छेड़छाड़ के पुराने मुकदमे में फंसाने की धमकी से परेशान था युवक।
करवाचौथ पर पत्नी की गैरमौजूदगी में फंदे पर लटका मिला पति।
जागरण संवाददाता, कानपुर। काकादेव में पड़ोसी की धमकियों से परेशान युवक ने बुधवार देर रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से कुछ घंटे पहले ही उसने पत्नी से करवाचौथ पर पत्नी से उपहार देने की बात कही थी। घटना के समय पत्नी करवाचौथ पूजा का सामान खरीदने बाजार गई थी। जब वह लौटी तो पति का शव फंदे पर लटकता मिला।
काकादेव के लोहारन भठ्ठा में रहने वाला 26 वर्षीय तरुण कश्यप उर्फ अंशु मजदूरी करता था। परिवार में पत्नी उर्मिला कश्यप और दो बेटे हैं। परिवार में बड़ा भाई नितिन है। मृतक के बड़े भाई नितिन ने आरोप लगाया कि तरुण अपने घर में प्लास्टर का काम करा रहा था। बुधवार शाम उर्मिला करवाचौथ की पूजा का सामान खरीदने बाजार चली गई।
आरोप है कि इसी दौरान इलाके में रहने वाली महिला उसकी बहन समेत कुछ अन्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने तरुण के साथ गाली-गलौज की और उसे दोबारा छेड़छाड़ के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। नितिन का आरोप है कि इससे पहले भी इलाके में रहने वाली महिला ने अपनी बेटी के माध्यम से तरुण के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया था।
उस मामले में तरुण को जेल जाना पड़ा था। भाई का कहना है कि इसके बाद से ही पड़ोसियों की ओर से उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। दोबारा मुकदमे में फंसाए जाने की धमकियों के कारण वह तनाव में रहने लगा था। स्वजन ने बताया कि उर्मिला बाजार से करवाचौथ की खरीदारी कर देर रात घर लौटी। वह कमरे में पहुंची तो पति को फंदे से लटका देखकर शोर मचाया पड़ोसियों ने तत्काल यूपी-112 पर पुलिस को सूचना दी।
कुछ ही देर में काकादेव पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। पति की मौत से बदहवास उर्मिला का रो-रोकर बुरा हाल था। वह बार-बार पति को याद कर बिलख रही थी। उसने कहा कि तरुण ने उससे करवाचौथ पर अच्छा-सा उपहार देने का वादा किया था उसे क्या पता था कि जीवन भर के लिये पति का ही साथ छूट जायेगा।
काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि युवक की मौत के मामले में स्वजन की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। यदि वह तहरीर देंगे तो जांच पड़ताल कर कार्रवाई की जायेगी।
