अब NCERT की Books से सिविल सेवा की तैयारी कर सकेंगे युवा, कानपुर की लाइब्रेरी में मिलेंगी किताबें
कानपुर के राजकीय पुस्तकालय में अब सिविल सेवा सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए NCERT की किताबें उपलब्ध हैं।

एनसीईआरटी की किताबों से सिविल सेवा की तैयारी कर सकेंगे युवा।
HighLights
कानपुर पुस्तकालय में NCERT किताबें सिविल सेवा तैयारी हेतु उपलब्ध।
अंग्रेजी, हिंदी, उर्दू में किताबें; 500 रुपये सदस्यता शुल्क।
प्रज्ञान पोर्टल पर ऑनलाइन अध्ययन, विशेषज्ञों द्वारा काउंसलिंग भी।
विवेक मिश्र, कानपुर। सिविल सेवा सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। अब अंग्रेजी, हिंदी और उर्दू तीनों भाषाओं में किताबें खरीदने के लिए जेब हल्की नहीं करनी पड़ेगी। राजकीय पुस्तकालय, चुन्नीगंज में छठवीं से 12वीं तक की एनसीईआरटी आधारित किताबें उपलब्ध हो गई हैं।
प्रतियोगी परीक्षाओं में अक्सर इन्हीं किताबों से प्रश्न पूछे जाते हैं। पुस्तकालय में अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, गृह विज्ञान, इतिहास, अर्थशास्त्र समेत सभी विषयों की किताबें रखी गई हैं। नेशनल बुक ट्रस्ट (एनबीटी) की ओर से कुल 788 किताबें आवंटित की गई हैं।
पुस्तकालय में भारत के आधुनिक तीर्थ, गदर आंदोलन, फीजी यात्रा, परिस्थिति एवं सतत विकास, हिंदुस्तानी कहावत कोश, 21वीं सदी की भू-राजनीति व शांति जैसे समसामयिक विषयों की किताबें भी अध्ययन के लिए उपलब्ध हैं।
पुस्तकालय से किताबें जारी कराने के लिए प्रज्ञान पोर्टल पर आवेदन करना होता है। बुक इश्यू होते ही पाठक घर ले जाकर अध्ययन कर सकते हैं। महज 500 रुपये का सदस्यता शुल्क जमा कर युवा पुस्तकालय में इन किताबों का अध्ययन कर सकते हैं।
वर्तमान में रोजाना 60 से 65 युवा यहां पढ़ने पहुंच रहे हैं। वर्तमान में पुस्तकालय में पांच सौ से ज्यादा सक्रिय सदस्य हैं। स्टाफ के अनुसार, इंटीग्रेेटेड लाइब्रेरी सिस्टम (आइएलएस) में 15 हजार से ज्यादा किताबें पुस्तकें अपलोड की जा चुकी हैं। पुस्तकालय के सदस्य घर बैठे आनलाइन माध्यम से किताबों को पढ़ सकते हैं।
भारतीय ज्ञान परंपरा और संस्कृति से जुड़ी पुस्तकों का भी यहां अच्छा संग्रह है। चारों वेदों के साथ वेद-पुराण की पुस्तकें भी पाठकों के लिए मौजूद हैं। विद्यार्थी और आम पाठक अपनी रुचि के अनुसार इन पुस्तकों का अध्ययन करते हैं।
राजकीय पुस्तकालय में कक्षा छह से 12वीं तक में हिंदी, अंग्रेजी व ऊर्दू भाषा में किताबें उपलब्ध हैं। सिविल सेवा की तैयारी करने वाले युवा इन किताबों का अध्ययन करने के लिए आने लगे हैं। परिसर में एकांत वातावरण में युवा एकाग्रचित्त होकर इतिहास से लेकर सम सामयिक विषयों की किताबों को पढ़ सकते हैं। विद्यार्थियों को परीक्षा के तनाव से निपटने और सही करियर चुनने में मदद के लिए हर महीने विशेषज्ञों को बुलाकर काउंसिलिंग भी कराई जाती है। -प्रशान्त कुमार द्विवेदी, पुस्तकालय प्रभारी व एडीआइओएस।
