जागरूक हुए शहरवासी, आधार कार्ड बनाने में कानपुर को देश में दूसरा स्थान Kanpur News
दस दिन में बनाए कार्ड के आंकड़ों के आधार पर हुआ सर्वे यूनिक आइडेंटीफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने जारी की सूची।
कानपुर, [आलोक शर्मा]। आधार कार्ड बनवाने के लिए भले ही शहर के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा हो लेकिन उनकी जागरुकता के चलते आधार कार्ड बनाने में कानपुर का देश में दूसरा स्थान है। देश भर में दस दिनों में बनाए गए आधार कार्ड के आंकड़ों को यूनिक आइडेंटीफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने सूची जारी की है। इसमें देश भर के प्रधान डाकघरों में बनाए जा रहे आधार कार्ड की स्थिति का सर्वे कर टॉप टेन शहरों की सूची बनाई गई है।
सूची में आंध्र प्रदेश का गुडीवाडा प्रधान डाकघर पहले स्थान पर है। यहां दस दिनों में 961 आधार कार्ड बनाए गए। इसके बाद दूसरा स्थान प्रधान डाकघर बड़ा चौराहा को मिला है। यहां 904 आधार कार्ड बनाए गए। टॉप टेन सूची में तीसरे नंबर से क्रमश: कर्नाटक का केसी पार्क, तमिलनाडु का तिरूचिरापल्ली, उप्र के गोरखपुर का सिकरीगंज, आंध्र प्रदेश का अजीत नगर, उप्र में लखनऊ का चौक हेड पोस्ट ऑफिस, लखनऊ प्रधान डाकघर व गोरखपुर प्रधान डाकघर और दिल्ली का दिल्ली प्रधान डाकघर शामिल हैं।
जिले में डाक विभाग की 33 मशीनें कर रहीं काम
जिले में तीन प्रधान डाकघर हैं। बड़ा चौराहा स्थित प्रधान डाकघर में आधार कार्ड बनाने की तीन मशीनें हैं जबकि नवाबगंज में दो और कैंट में एक मशीन है। इसके साथ ही जिले के 30 उप डाकघरों में भी एक-एक मशीन काम कर रही है। जिम्मेदारों की मानें तो यहां प्रतिदिन करीब 500 नए आधार कार्ड बनाए जाते हैं और पुराने आधार कार्ड का अपग्रेडेशन किया जाता है।
इनका ये है कहना
यूनिक आइडेंटीफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया के सर्वे में हमें दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। यह प्रधान डाकघर के लिए बड़ी उपलब्धि है। आगे प्रयास रहेगा कि सूची में हम प्रथम स्थान पर आएं।
-मनोज कुमार मिश्रा, चीफ पोस्ट मास्टर प्रधान डाकघर बड़ा चौराहा