कानपुर में दिसंबर के अंत तक शुरू हो जाएगा रामायण थीम पार्क, मंडलायुक्त ने दिए निर्देश
मोतीझील स्थित तुलसी उपवन में स्वदेश दर्शन योजना के तहत बन रहे पहले रामायण थीम पार्क जल्द ही लोगों को त्रेतायुग के दर्शन कराएगा। लाइट एंड शो केऑपरेटर बृजेश यादव ने बताया कि लेजर व लाइट शो सहित लगभग सभी कार्य अंतिम चरण में चल रहा है।
कानपुर, जेएनएन। शहरवासियों को रामायण के जीवंत रूप दिखाने वाला रामायण थीम पार्क दिसंबर के अंत तक शुरू हो जाएगा। इसमें लाइट एंड साउथ शो के साथ डिजिटल रामायण, वीडियो वॉल के जरिए दर्शक रामायण को अत्याधुनिक रूप से देखेंगे। हाल में मंडलायुक्त ने इसका निरीक्षण कर इसे जल्द शुरू करने के निर्देश दिए थे।
मोतीझील स्थित तुलसी उपवन में स्वदेश दर्शन योजना के तहत बन रहे पहले रामायण थीम पार्क जल्द ही लोगों को त्रेतायुग के दर्शन कराएगा। लाइट एंड शो केऑपरेटर बृजेश यादव ने बताया कि लेजर व लाइट शो सहित लगभग सभी कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। लाइटिंग, बैठने की व्यवस्था, एसी व्यवस्था व अन्य कामों का काम लगभग पूरा हो चुका है। लाइट शो के साथ थीम पार्क का विकास, बैंच, सोलर लाइट, हाइमास्क लाइट डस्टबिन, साइनेज, ध्वनि एवं प्रकाश, वीडियो वॉल व सत्संग भवन का कार्य अंतिम चरण में चल रहा है।
डिजिटल रामायण व साउथ शो की फिडिंग की जा रही है। स्क्रिप्ट के आधार पर साउथ का मिलान कर रामायण थीम पार्क की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसमें एक बार में दो हजार से ज्यादा लोगों के शामिल होने की उम्मीद रहेगी। जिसका निर्धारित शुल्क नगर निगम द्वारा तय किया जाएगा। पिछले दिनों मंडलायुक्त ने साहित्यकारों संग चर्चा कर इसकी स्क्रिप्ट को फाइनल किया था। इस कमेटी में पर्यटन विभाग के अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, इतिहास के विभागाध्यक्ष, एसपी सिंह, पत्रकारिता शोध केंद्र के निदेशक डॉ. सर्वेश कुमार साहित्यकार बद्री नारायण तिवारी, उच्च शिक्षा मंत्री नीलिमा कटियार एनपीसीसी के परियोजना प्रबंधक प्रशांत त्रिपाठी व कार्यदायी संस्था के प्रमुख को शामिल किया गया था।
रामायण संग अतुल्य भारत से रूबरू होंगे दर्शक
रामायण थीम पार्क में तुलसीदास की रचनाएं व दोहे, रामायण के प्रमुख पात्र, श्रीराम व देवी सीता का विवाह, रामाज्ञा, संकटमोचन, जानकी मंगल, सीता हरण, वनवास सहित रामायण का वर्णन दिखाया जाएगा। इसमें दोहावली, कवितावली, गीतावली, पार्वती मंगल, श्रीकृष्ण लीला का लेजर व लाइट एंड साउंड होगा।