विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में 42 साल बाद आजाद नगर से इंदिरा नगर तक चौड़ी होगी सड़क, एक लाख लोगों को होगा फायदा

Published: Thu, 22 Oct 2026 06:44 PM (IST)

कानपुर में आजाद नगर से इंदिरा नगर तक 42 साल बाद सड़क 45 मीटर चौड़ी होगी, जिससे एक लाख लोगों को फायदा मिलेगा और जाम से निजात मिलेगी।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. आजाद नगर से इंदिरा नगर सड़क 42 साल बाद चौड़ी होगी।

  2. मास्टर प्लान के तहत 45 मीटर चौड़ी होगी यह महत्वपूर्ण सड़क।

  3. एक लाख लोगों को मिलेगा फायदा, जाम से मिलेगी निजात।

जागरण संवाददाता, कानपुर। आजाद नगर से मुखर्जी विहार होते हुए इंदिरा नगर जाने वाली सड़क 42 साल बाद मास्टर प्लान के तहत 45 मीटर चौड़ी होगी। कब्जों और अतिक्रमण के कारण अभी 13.5 मीटर चौड़ी है। मकानों के बाहर लोगों ने दो-दो सौ वर्ग मीटर जमीन पर कब्जा करके लान व पार्किंग बना रखी है।

इसके बनने से प्राधिकरण की चार आवासीय योजनाओं समेत एक लाख लोगों को लाभ मिलेगा। जीटी रोड के समानांतर सड़क होने के कारण जाम से भी निजात मिलेगी। केडीए द्वारा वर्ष 1984 में इंदिरा नगर योजना,वर्ष 1992 में पत्रकारपुर व मुखर्जी विहार और वर्ष 2016 में सिग्नचेर ग्रीन्स सिटी योजना बसाई गई है।

वर्ष 1984 में केडीए ने मास्टर प्लान के तहत 45 मीटर चौड़ी सड़क की जगह छोड़ी थी। इसमें आधी ही सड़क बनी। बाकी सड़क पर लोगों ने कब्जा कर लिया। अभी रोड में जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी भरता है।

केडीए ने अवस्थापना निधि के तहत 71.55 करोड़ रुपये से सड़क का निर्माण करने का खाका तैयार किया है। शासन से स्वीकृति भी मिल गई है। बस धन जारी होना है। कल्याणपुर से इंदिरा नगर, मुखर्जी विहार, पत्रकारपुरम होते हुए, आजाद नगर जाने वाले मार्ग पर कई मल्टीस्टोरी परियोजनाएं, गौतम बुद्ध पार्क, केडीए की आवासीय योजनाएं और कई बरातशाला है। स़ड़क चौड़ी होने से जाम की समस्या खत्म हो जाएगी।

सड़क निर्माण के साथ ही ड्रेनेज, जल निकासी, डक्ट के निर्माण कार्य के साथ-साथ यूटिलिटी शिफ्टिंग का कार्य किया जाएगा। डिवाइडर के साथ दोनों तरफ फुटपाथ का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा बैठने के साथ आधुनिक लाइटें लगाई जाएगी।

यह मार्ग जीटी रोड के समानांतर आजाद नगर बस अड्डा व सिग्नेचर ग्रीन्स सिटी परियोजना को जोड़ता है। इस परियोजना से कल्याणपुर क्षेत्र से बिठूर को जाने वाले मार्ग को जोड़ा जाएगा और प्राधिकरण की न्यू कानपुर सिटी परियोजना भी कनेक्टिविटी मिलेगी। व्यय समिति में योजना को स्वीकृति मिल गई है।

केडीए सचिव अभय पांडेय ने बताया कि केडीए कई सड़कों का निर्माण कराएगा। इसमें कल्याणपुर से इंदिरा नगर होते हुए पत्रकारपुरम से आजाद नगर तक की भी सड़क शामिल है। जीटी रोड के समानांतर सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।

क्या कहते हैं लोग

कल्याणपुर से पत्रकारपुरम तक सड़क चौड़ी हो जाएगी तो जाम से लोगों को जाम से निजात मिलेगी। सड़क निर्माण के साथ ही जल निकासी की भी व्यवस्था की जाए। -कुंती निषाद, क्षेत्रीय पार्षद।

सड़क चौड़ी होने से जीटी रोड के समानांतर रास्ता हो जाएगा। ड्रेनेज सिस्टम और रोशीनी की भी व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को निकलने में दिक्कत न हो। -राजकमल, व्यापारी।