कन्नौज में सात साल की दिव्यांग को किशोर ने बनाया हैवानियत का शिकार
कन्नौज के एक गांव की सात साल की मासूम को एक दरिंदे ने अपनी हैवानियत का शिकार बना लिया। सौरिख निवासी सात साल की बच्ची मूकबधिर है। आरोप लगाया कि किशोर गुरुवार सुबह मासूम को घर से बहला-फुसलाकर ले गया।
कानपुर, जेएनएन। किशोर ने दिव्यांग किशोरी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपित को पकड़ लिया है। वहीं डीएम-एसपी ने किशोरी और आरोपित से बंद कमरे में अलग-अलग बात की। पिता की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
औरैया के अजीतमल में नाबालिग के दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि कन्नौज के थाना सौरिख के एक गांव की सात साल की मासूम को एक दरिंदे ने अपनी हैवानियत का शिकार बना लिया। सौरिख निवासी सात साल की बच्ची मूकबधिर है। आरोप लगाया कि गांव निवासी किशोर गुरुवार सुबह 8:30 बजे करीब मासूम को घर से बहला-फुसलाकर ले गया। हाईवे किनारे झाडिय़ों में दुष्कर्म किया। खून से लथपथ बच्ची घर पहुंची तो स्वजन को जानकारी हुई। पिता उसको लेकर थाने पहुंचे और आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर वर्मा ने बच्ची को साथ लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ छिबरामऊ शिव कुमार थापा भी थाने पहुंचे। उन्होंने बच्ची व स्वजन से घटना की जानकारी की। सकरावा चौकी पुलिस ने आरोपित के पिता को चौकी पर बुलाया। देर शाम आरोपित को पुलिस ने पकड़ लिया। वहीं डीएम राकेश कुमार मिश्र और एसपी अमरेंद्र प्रसाद थाना पहुंचे। यहां बंद कमरे में आरोपित से पूछताछ की।
वहीं पीडि़ता के पिता ने काफी देर बाद मेडिकल परीक्षण कराने पर नाराजगी जताई थी। प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि जांच के बाद घटना की रिपोर्ट दर्ज करवा दी गई है। मासूम को परीक्षण के लिए भेजा गया है। देर शाम आरोपित को पकड़ लिया गया है।