World Radio Day: यह आकाशवाणी का कानपुर केंद्र है... जानिए-रेडियो से जुड़ी कुछ अनसुनी बातें
कानपुर में समय के साथ रेडियो का अंदाज भी बदलता रहा है। अब जब शहर में मेट्रो ट्रेन चलने जा रही है तो उसके संचालन से लेकर शहर की तमाम गतिविधियों की जानकारी भी रेडियो पर उपलब्ध रहेगी।
कानपुर, [समीर दीक्षित]। 'नमस्कार...विविध भारती में आपका स्वागत है। यह आकाशवाणी का कानपुर केंद्र है। अब जानिए, मेट्रो के बारे में। मोतीझील से मेट्रो का समय इतना है...आइआइटी स्टेशन से आने वाली मेट्रो रावतपुर स्टेशन से गुजर चुकी है।' अब तक खेती-किसानी और फरमाइशी गीत समेत अन्य कुछ कार्यक्रमों के साथ चल रहा विविध भारती बहुत जल्द खुद को मेट्रो सिटी के हिसाब से बदलेगा। शहर में मेट्रो चलने की शुरुआत के साथ ही लोगों को इसके संचालन संबंधी जानकारियां देगा। यही नहीं, शहर में होने वाली गतिविधियों की जानकारी भी शहरियों को दी जाएगी। दो-तीन दशक पहले तक रेडियो की जिस तरह दीवानगी रही, उसी तरह फिर से हो, इसके लिए विविध भारती भी अंदाज बदलेगा। वैसे भी रेडियो की घर में लोकप्रियता आज भी बरकरार है, मोबाइल से लेकर कार में एफएम लोग सुनते हैं।
अभी तक शहर में आकाशवाणी के विविध भारती और एफएम रेनबो ये दो चैनल प्रसारित हो रहे हैं। विविध भारती मुंबई से रिले होता है, तो एफएम रेनबो लखनऊ से। बेनाझाबर में आकाशवाणी से मिले डाटा के मुताबिक शहर के 10 लाख से अधिक लोग पूरे दिन में दो-दो घंटे इन चैनलों पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों को सुनते हैं।
आइआइटी कानपुर में संचालित है कम्युनिटी रेडियो स्टेशन
आइआइटी कानपुर में अपना कम्युनिटी रेडियो स्टेशन 90.4 संचालित है। इस रेडियो स्टेशन पर जो कार्यक्रम प्रसारित होते हैं, उन्हें छात्र व प्रोफेसर सुनते हैं। आसपास ग्रामीण परिवेश के तमाम छात्र भी इसे सुनते हैं। कानपुर देहात में भी कम्युनिटी रेडियो का संचालन होता है।
15386 वर्ग किमी तक होती है कवरेज
कानपुर आकाशवाणी से विविध भारती का कवरेज क्षेत्र 15386 वर्ग किमी है। वहीं, एफएम रेनबो का विस्तार 2826 वर्ग किलोमीटर तक है। कवरेज क्षेत्र नगर के साथ कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, उरई, जालौन, इटावा तक है। शहर स्थित आकाशवाणी का केंद्र, विज्ञापन सेवा का केंद्र है। केंद्राध्यक्ष व सहायक निदेशक भारतीय कार्यक्रम प्रसारण सेवा के सहायक निदेशक अनुपम पाठक का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों से केंद्र का राजस्व बढ़ रहा है।
इस समय होता है स्थानीय प्रसारण
विविध भारती : सुबह 10 से 11 बजे, शाम छह से सात बजे
एफएम रेनबो : सुबह 11 से 12 बजे, दोपहर तीन से चार बजे
रेडियो से जुड़ी अहम जानकारियां
- -वर्ष 1900 में गुग्लील्यमो मार्कोनी ने इंग्लैंड से अमेरिका में व्यक्तिगत रेडियो संदेश भेजा
- -रेडियो के प्रसारण की शुरुआत 24 दिसंबर 1906 की शाम को हुई
- -वर्ष 1918 में न्यूयॉर्क के हाइब्रिज में दुनिया का पहला रेडियो स्टेशन बना
- -वर्ष 1937 में ऑल इंडिया रेडियो की शुरुआत हुई
- -शहर में विविध भारती सेवा का शुभारंभ 1963 में हुआ
- -वर्ष 1970 में कानपुर केंद्र को विज्ञापन सेवा केंद्र बनाया गया
- -वर्ष 2006 में 102 मेगाहट््र्ज फ्रीक्वेंसी पर एफएम रेनबो का प्रसारण शुरू
- -वर्ष 2012 से एफएम मोड से ही विविध भारती का प्रसारण शुरू हो गया
- -रेडियो एप पर विविध भारती को सुन सकते हैं।