फणि : दो दिन तक छाएगी बदली, बूंदाबांदी और तेज हवाएं चलने की संभावना
नॉर्थ ईस्ट में मुड़ गया चक्रवात आज और कल हो सकता हल्का असर ओडिशा में तबाही मचाने वाला फणि शहर में आने से पहले हुआ कमजोर।
कानपुर, जेएनएन। ओडिशा में भारी तबाही मचाने वाला फणि चक्रवात से शहर को अब खतरा नहीं है। इस तूफान के नॉर्थ ईस्ट में मुडऩे के बाद अब मौसम वैज्ञानिक इसको राहत का संकेत बता रहे हैं। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात दूर जाने के कारण इसका असर हल्का हो गया है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. नौशाद खान ने बताया कि रविवार व सोमवार को इसका हल्का असर रह सकता है। बदली छाने के साथ स्थानीय स्तर पर बूंदाबांदी होने व सात से आठ किलोमीटर अधिक गति से हवाएं चलने की संभावना है।
चक्रवात की दिशा मुडऩे से शनिवार को मौसम पर भी असर दिखा। सुबह से ही तेज धूप रही। दोपहर में धूप और तेज हुई तो राहगीरों की हिम्मत जवाब देने लगी। अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। जहां एक ओर दोपहर में गर्म हवाओं के थपेड़ों ने झुलसाकर रख दिया तो दूसरी ओर रात में भी बढ़े तापमान ने रुलाया। मौसम वैज्ञानिक डॉ. नौशाद खान ने बताया कि फणि चक्रवात के असर से तापमान में अधिक गिरावट नहीं आएगी। दो दिन तक इसका हल्का असर शहर में रह सकता है जबकि उसके बाद तापमान तेजी से बढ़ेगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप