बढ़ी कस्टम ड्यूटी, घर को खूबसूरत बनाना हुआ और महंगा
किचन, बाथरूम, लिविंग रूम आदि में हरे रंग का मार्बल ओनिक्स का खूब इस्तेमाल होता है। कई घरों में डायनिंग टेबल तक में यह प्रयोग में लाया जाता है।
जागरण संवाददाता, कानपुर : पाकिस्तान से आने वाला हरे रंग का मार्बल ओनिक्स घरों में खूब लगाया जाता है। खूबियों के चलते इसकी कीमत भारतीय ओनिक्स से 20 गुना ज्यादा होती है। अब कस्टम ड्यूटी में 200 फीसद की वृद्धि घर की खूबसूरती को और भी महंगा कर देगी।
घर बनाते समय खूबसूरती के लिए तमाम मार्बल और टाइल्स लगाए जाते हैं। घरों में लगने वाला हरे रंग का मार्बल पाकिस्तान से आता है। खूबसूरती ही इसकी विशेषता है। किचन, बाथरूम, लिविंग रूम आदि में इसका खूब इस्तेमाल होता है। कई घरों में डायनिंग टेबल तक में यह प्रयोग में लाया जाता है।
चंद कारोबारी ही इन्हें रखते
पाकिस्तान से आने वाला यह मार्बल काफी महंगा होता है। इसकी कीमत 1,200 रुपये से 1,500 रुपये वर्ग फीट होती है। भारतीय ओनिक्स राजस्थान से आता है और इसकी कीमत 60 से 90 रुपये वर्ग फीट होती है। महंगा होने की वजह से इसे कुछ कारोबारी ही रखते हैं।
पाकिस्तान के मार्बल की क्वालिटी ही अलग होती है। बिना कीमत बताए किसी को दोनों दिखाए जाएं तो कोई भी खरीदार पहली नजर में पाकिस्तानी ओनिक्स ही पसंद करेगा। हरे रंग का यह मार्बल अब 200 फीसद कस्टम ड्यूटी होने से और महंगा हो जाएगा। इससे बिक्री खासी प्रभावित होगी। हालांकि इससे भारतीय ओनिक्स की बिक्री और बढ़ेगी।
- हिमांशु पाल, महामंत्री, किदवई नगर मार्बल मार्केट व्यवस्था समिति