असोम मेघालय कैडर के आइएएस बने कानपुर में नए डीएम, शहर के लिए कही ये बात
आइएएस डॉ. ब्रह्मदेव राम तिवारी ने कानपुर में बतौर डीएम ज्वाइन किया।
कानपुर, जेएनएन। शासन द्वारा आइएएस की तबादला सूची जारी होने के बाद असोम मेघालय कैडर के आइएएस डॉ. ब्रह्मदेव राम तिवारी को कानपुर में डीएम पद पर तैनाती दी गई। उन्होंने पदभार ग्रहण करते समय कहा कि कानपुर अनोखी तहजीब का शहर है। यहां हर वर्ग के लोग हैं। सभी पर विश्वास है। सबको साथ लेकर चलेंगे। किसी भी तरह की समस्या आने पर उसका निपटारा टीम के रूप में मिलकर किया जाएगा। वह पंचायती राज, स्वच्छ भारत मिशन के निदेशक पद से स्थानांतरित होकर आए हैं।
डॉ. तिवारी ने कहा कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना, साफ सफाई, लंबित विकास कार्य, गंगा की स्वच्छता व निर्मलता उनकी प्राथमिकता में रहेगी। शनिवार को विभागों को बुलाया गया है। उनसे प्रोजेक्टों के बारे में विचार विमर्श किया जाएगा। कानपुर आने पर गंगा के दर्शन करने का सौभाग्य मिला है। यह सिर्फ उत्तर प्रदेश की ही नहीं, बल्कि देश की नदी है। संस्कृति की पहचान देती है। उसकी निर्मलता, शुचिता और अविरलता का ध्यान रखा जाएगा।
जनता से संवाद किया जाएगा संवादहीनता से अविश्वास बढ़ता है। अविश्वास ही हंगामे की वजह बनता है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओ को अलग से चिह्नित किया जाएगा। डॉ. तिवारी ने कलेक्ट्रेट में स्टाफ के साथ बैठक की। सबका परिचय लिया। एडीएम सिटी विवेक कुमार श्रीवास्तव, एडीएम वित्त एवं राज्य वीरेंद्र पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट हिमांशु गुप्ता, सीटीओ यशवंत सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
असोम मेघालय कैडर के हैं आइएएस
डॉ. ब्रह्मदेव राम तिवारी 2006 बैच के असोम मेघालय कैडर के आइएएस अधिकारी हैं। वह अप्रैल 2018 से प्रतिनियुक्ति पर उत्तर प्रदेश में आए हैं। अप्रैल से फरवरी 2019 तक वह एडिशनल एमडी के पद पर कार्यरत रहे। 28 फरवरी से जून तक अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी संभाली। जून से अब तक निदेशक पंचायत राज के रूप में काम किया।