पति ने पत्नी की हत्या का सच कबूला तो सोचने को मजबूर हो गए सुनने वाले
पति ने कहा खाना देर से बनाती दिन भर मायके बात करती रहती एक दिन गुस्सा आया तो मार डाला।
कानपुर, जेएनएन। भूरी मेरा ख्याल नहीं रखती थी, खाना देर से बनाना, दिनभर मायके में फोन से बात करते रहना, एक दिन गुस्सा आया तो उसे मौत के घाट उतार दिया। पत्नी की हत्या करने की स्वीकारोक्ति एक पति ने गिरफ्तारी के बाद गुरुवार को चकेरी थाने में पुलिस के सामने की तो सुनने वाले भी एक बार सोचने को मजबूर हो गए।
प्लॉट में बल्ली से बंधा मिला था शव
बीती 13 मार्च की सुबह श्यामनगर के एक प्लाट में बल्ली से बंधा युवती का शव पुलिस को मिला था। पुलिस ने उसकी शिनाख्त बरेली सुतइयां फतेहगंज निवासी 26 वर्षीय भूरी के रूप में की थी। पहचान मिटाने के लिए चेहरे पर तेजाब भी डाला गया था। पुलिस की जांच में युवती की हत्या में उसके पति बांदा के भटूरी गांव के पप्पू व उसके साथी अमर उर्फ भोले की संलिप्तता उजागर हुई थी। पुलिस ने अमर को गिरफ्तार कर लिया था और पप्पू की तलाश में जुटी थी।
भागकर किया था प्रेम विवाह
पुलिस ने गुरुवार सुबह मुख्य हत्यारोपित पप्पू को श्यामनगर बाइपास के पास से पकड़ लिया। पूछताछ में पप्पू ने बताया कि नोएडा की एक लोहा फैक्ट्री में भूरी मां ननकी के साथ काम करती थी। वहीं पर वह भी काम करता था। उसके भूरी से प्रेम संबंध हो गए। परिवार वाले राजी न हुए तो उसने और भूरी ने भागकर 22 अक्टूबर को प्रेम विवाह कर लिया था। इसके बाद उसने साथी अमर सिंह से संपर्क किया तो उसने श्यामगर में किराये पर कमरा दिला दिया, जहां रहकर वह काम करने लगा।
खाली पेट जाना पड़ता था मजदूरी को
पप्पू ने कहा कि सोचा था कि शादी बाद जिंदगी आराम से कटेगी लेकिन सबकुछ उलटा हो गया। सुबह खाना बनाने की बजाए भूरी दोपहर में खाना बनाती थी। सुबह मजदूरी पर निकलो तो खाली पेट जाना पड़ता था। रात में भी घर आओ तो ज्यादातर भूरी मायके में ही बात करती मिलती थी। इसे लेकर आए दिन विवाद होता था। घटना के दिन शाम को तीन घंटे में भूरी ने खाना बनाने की बजाए कई बार मायके में बात की। इससे बहुत गुस्सा आया और साड़ी से उसका गला घोटकर मार डाला। इसके बाद अमर की मदद से बल्ली से बांधकर शव प्लाट में ले जाकर फेंक दिया। चकेरी थानाप्रभारी रणजीत राय ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल साड़ी बरामद की गई है, आरोपित पति को जेल भेज दिया है।