आधी रात क्या हुआ जो पति ने तमंचे से पत्नी को मार दी गोली, चीखती रही बेटी Banda News
बांदा के इंदिरा नगर मोहल्ले में छोटी दीपावली की रात घटना से लोगों में सनसनी फैल गई।
बांदा, जेएनएन। शहर के इंदिरा नगर मोहल्ले में शनिवार की आधी रात अचानक पति को इतना गुस्सा आ गाय कि तमंचा निकालकर पत्नी को गोली मार दी। मां को लहूलुहान देखकर बेटी चीखती रही और पिता भाग निकला। पड़ोसियों की मदद से उसने मां को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने गोली मारने की वजह का पता लगाने के साथ आरोपित पति के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया है।
बांदा कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा नगर मोहल्ले में रहने वाले संजय गुप्ता का शनिवार देर रात 43 वर्षीय पत्नी सुनीता गुप्ता से त्योहार को लेकर कुछ कहासुनी हो गई। इस बीच गुस्से में आकर संजय ने तमंचा निकालकर सुनीता पर फायर झोंक दिया। गोली सुनीता के सीने के ऊपर दाहिने कंधे को चीरते हुए निकल गई। गोली की आवाज सुनकर पास वाले कमरे में पढ़ रही पुत्री नेहा दौड़कर पहुंची तो मां को खून से लथपथ पड़ा देखकर चीखने लगी। इस बीच संजय मौका पाकर भाग निकला।
नेहा की चीख पुकार सुनकर पड़ोसी आ गए और तुरंत सुनीता को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपाचर के बाद डाक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखकर कानपुर रेफर कर दिया। घटना की जानकारी पर आई पुलिस ने नेहा और पड़ोसियों से पूछताछ की। कोतवाली प्रभारी बलजीत सिंह ने बताया कि पति-पत्नी में आपसी विवाद हुआ था, किसी बात से नाराज संजय ने पत्नी को गोली मारी है। पुत्री की तहरीर पर संजय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।