तेज आवाज में गाना बजाने के बाद पत्नी व दुधमुंहे बच्चे की कुल्हाड़ी से काटकर मार डाला
बांदा के बदौसा में पति ने की नृशंस वारदात। मृतका के पिता ने लगाया दहेज की खातिर घटना को अंजाम देने का आरोप।
कानपुर (जेएनएन)। दीपावली की शाम जब लोग मां लक्ष्मी के पूजन की तैयारियों में जुटे थे, उसकी समय एक नृशंस युवक ने घर की 'लक्ष्मीÓ को ही मौत के घाट उतार दिया। मामूली सी कहासुनी के बाद आवेशित युवक ने पत्नी और दुधमुंहे बच्चे को कुल्हाड़ी से काट डाला और भाग निकला। घटना की जानकारी होते ही गांव में सनसनी फैल गई। गांव पहुंचे विवाहिता के पिता ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया। पुलिस हत्यारोपित की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
मामूली कहासुनी के बाद दिया वारदात को अंजाम
जनपद बांदा के बदौसा थानाक्षेत्र के ग्राम गर्गपुर निवासी नीलम (22) की पति रोहित से बुधवार शाम किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इस दौरान पति ने कमरे के अंदर पहले साउंड बॉक्स तेज आवाज में खोल दिया। इसके बाद कुल्हाड़ी से पत्नी के गले व शरीर के साथ ही दुधमुंहे मासूम पर ताबड़तोड़ वार कर दोनों की हत्या कर दी। घटना के बाद पति कुल्हाड़ी फेंक छत के रास्ते कूदकर फरार हो गया। जानकारी पर घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर सीओ अतर्रा कुलदीप ङ्क्षसह व थानाध्यक्ष आलोक ङ्क्षसह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए।
पिता को फोन करके जताया था हत्या का अंदेशा
घटनास्थल पर मौजूद ग्राम लंयारी कमासिन निवासी उमाशंकर ने पुलिस को बताया कि तीन वर्ष पहले बेटी नीलम की शादी की थी। रोहित समेत ससुरालीजन दहेज में बाइक आदि की मांग को लेकर नीलम को प्रताडि़त करते थे। डेढ़ माह पहले नीलम ने मायके में बच्चे को जन्म दिया था। पति दिल्ली से नवरात्र के समय लौटा था। इस पर नीलम को उसके ससुर रामप्रसाद अपनी जिम्मेदारी पर ससुराल ले गए थे। सोमवार को भी ससुराल में दहेज की खातिर मारपीट की गई थी। घटना के दिन बेटी ने फोन कर मायके ले जाने के लिए बुलाया था। उसने हत्या का अंदेशा जताया था। इसपर वह तीन अन्य लोगों के साथ बेटी को लेने आए थे। सभी लोग घर के बाहर बात कर रहे थे। इस बीच कमरे में रोहित ने बेटी और नाती की हत्या कर दी।
सुसरालीजनों को खबर नहीं
ससुरालीजन का सिर्फ यही कहना है कि घटना के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। दोनों के बीच कमरे में क्या बात हुई, उसका पता नहीं है। थानाध्यक्ष ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।