उजड़ गया एक परिवार, पत्नी के लापता होने के बाद पति ने भी तोड़ दिया दम
महाराजपुर क्षेत्र में युवक के घर वालों ने मायके वालों पर पिटाई का आरोप लगाया है।
कानपुर, जेएनएन। महाराजपुर क्षेत्र में एक परिवार उजड़ गया। पत्नी के झगड़कर कहीं जाने के बाद मायके पक्ष के लोगों ने पति की पिटाई कर दी। गंभीर हालत में अस्ताल में भर्ती कराए गए युवक की मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने युवक के जहरीली दवा खाने से मौत होने की बात कही है।
महाराजपुर के सुबंशीखेड़ा गांव में 24 वर्षीय कमल निषाद की शादी बैजाखेड़ा गांव निवासी पिंकी से हुई थी। भाई रंजीत ने बताया कि शादी के बाद से ही कमल व पिंकी में अनबन रहने से पिंकी अक्सर मायके चली जाती थी। उसके बाद पिंकी के भाई अपनी बहन की ससुराल आकर कमल को प्रताड़ित करते थे। कमल के स्वजनों का आरोप है कि गुरुवार तड़के पिंकी बिना बताए निकल गई। कमल ढूंढते हुए ससुराल पहुंचा तो पिंकी के मायकेवालों ने उसके साथ गालीगलौज की।
दोपहर बाद उन्होंने कमल पर पिंकी की हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी और शाम को ड्योढ़ीघाट आकर कमल को पीटा। इससे कमल की तबीयत बिगड़ गई, पुलिस ने उसे उर्सला और फिर हैलट अस्पताल में भर्ती कराया जहां कमल की मौत हो गई। थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह का कहना है कि कमल का पत्नी व ससुरालवालों से विवाद था। उसने फसल को कीड़ों से बचाने वाली दवा खा ली थी। यह बात कमल ने पुलिस को खुद बताई थी। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।