Move to Jagran APP

गंगा से मछलियों को खत्म कर रहे शिकारी, सुबह से रात तक पड़े रहते हैं जाल

हर दिन सैकड़ों किलो मछलियां पकड़ते हैं शिकारी चंद मछुआरों पर कार्रवाई करके शांत बैठी पुलिस।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Published: Thu, 04 Jun 2020 11:37 PM (IST)Updated: Fri, 05 Jun 2020 09:24 AM (IST)
गंगा से मछलियों को खत्म कर रहे शिकारी, सुबह से रात तक पड़े रहते हैं जाल
गंगा से मछलियों को खत्म कर रहे शिकारी, सुबह से रात तक पड़े रहते हैं जाल

कानपुर, जेएनएन। प्रतिबंध के बावजूद गंगा में शिकारियों के जाल पड़े हैं। माफिया नदी के हिस्से को जमीन के टुकड़ों की तरह शिकारियों में बांटकर शिकार करा रहे हैं। हर रोज सैकड़ों किलो मछलियां पकड़ी जा रही हैं। सुबह से देर रात यह खेल जारी रहता है, लेकिन पुलिस आंखें मूंदे है। जनवरी से अब तक कोहना पुलिस ने सिर्फ छह मुकदमे दर्ज किए।

loksabha election banner

नमामि गंगे मिशन शुरू होने पर लगा दी गई थी रोक

नमामि गंगे मिशन शुरू होने के बाद से गंगा में मछली पकडऩे और उसके शिकार पर पूरी तरह रोक लगा दी गई थी। शासन की ओर से इस बाबत कई फरमान भी जारी हो चुके हैं, लेकिन शिकारियों पर फर्क नहीं पड़ा। देर रात 12 बजे से नदी में नावों से जाल पड़ जाता है। पिछले माह पुलिस ने चार मुकदमे दर्ज किए थे। 17 लोगों को नामजद कर सात को जेल भिजवाया था। सीओ कर्नलगंज अजीत कुमार रजक ने बताया कि पिछले दिनों गंगा में मछलियों का शिकार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस देख नदी में कूदकर भाग जाते मछुआरे

मछुआरे उन्नाव की पुलिस देखते ही नदी में कूदकर कानपुर की सीमा में आ जाते हैं। और कानपुर को देखकर उन्नाव सीमा में घुस जाते हैं।

एक जून से कछला, रोहू व नैन का शिकार प्रतिबंधित

सहायक निदेशक ने बताया कि एक जून से 31 अगस्त तक सभी नदियों में भारतीय मेजर कार्प कही जाने वाली कथला, रोहू व नैन मछलियों के शिकार पर प्रतिबंध है। इस दौरान ये मछलियां प्रजनन करती हैं।

मई में पकड़े गए मामले

केस 1- आठ मई को पुलिस ने गंगा बैराज पुल के गेट नंबर एक के पास चार व्यक्तियों को घाट किनारे बैठकर जाल से मछली पकड़ते हुए गिरफ्तार किया। आरोपितों में शुक्लागंज चंपापुरवा का अजय कश्यप, कुन्दन, राजन व ङ्क्षरकू कश्यप शामिल थे। उनके पास से करीब 30 किलो मछलियां बरामद हुईं।

केस 2- 16 मई को पुलिस ने अटल घाट के पास ख्योरा नवाबगंज निवासी तनू और गंगाघाट उन्नाव निवासी राहुल को गिरफ्तार कर करीब 50 किलो मछलियां बरामद कीं।

केस 3- 20 मई को पुलिस ने कल्लूपुरवा गांव के पास गंगा किनारे नावों में बैठे आठ शिकारियों को पकडऩे के लिए दबिश दी, लेकिन वह नदी में कूदकर फरार हो गए। चार की पहचान छोटेलाल, सूरज, रंजीत, कल्लूपुरवा के बेटू के रूप में हुई थी।

केस 4- 21 मई को कोहना पुलिस ने करबला चौराहे के पास तीन कुंतल मछलियां पकड़कर लोडर से जा रहे चालक विष्णुपुरी निवासी अब्दुल चुन्ना को गिरफ्तार कर लिया। लोडर मालिक सुरेश कुमार हैं जो पुराना कानपुर निवासी है।

इनका ये है कहना

बिठूर से प्रयागराज तक गंगा नदी में मछलियों के शिकार पर प्रतिबंध है। डीएम की ओर से भी आदेश जारी किया गया था। थाने व चौकियों को मछलियों का शिकार रोकने के लिए कहा गया है।

-एनके अग्रवाल, सहायक निदेशक मत्स्य विभाग


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.