Hockey Championship : रोमांचक मुकाबले के बीच यूपी ने कर्नाटक को ड्रा पर रोका Kanpur News
फाइव ए साइड राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में दूसरे दिन महिला वर्ग में झारखंड ओडिशा व हरियाणा ने जीत दर्ज की।
कानपुर, जेएनएन। ग्रीनपार्क में राष्ट्रीय फाइव ए साइड हॉकी चैंपियनशिप के दूसरे दिन महिला वर्ग के चार मुकाबले खेले गए। जिसमें झारखंड, ओडिशा, हरियाणा ने जीत हासिल की। वहीं रोमांचक मुकाबले के बीच कर्नाटक व यूपी का मैच ड्रा हो गया। पुरुष वर्ग में हरियाणा का महाराष्ट्र, उप्र का मुकाबला तमिलनाडु, कर्नाटक का ओडिशा व पंजाब का झारखंड से मुकाबला होना है।
सोमवार को हॉकी चैंपियनशिप के दूसरे दिन सुबह पहला मैच झारखंड व पंजाब के बीच खेला गया। एकतरफा मुकाबले में झारखंड के खिलाडिय़ों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए मैच 3-0 से अपने नाम किया। दूसरा मैच ओडिशा व तमिलनाडु के बीच हुआ। एकतरफा मुकाबले में ओडिशा ने पहले हाफ में लगातार तीन गोल करके अजेय बढ़त बनाई। दूसरे हाफ में ओडिशा के खिलाडिय़ों ने दो गोल दागकर 5-0 से जीत दर्ज की। ओडिशा की दीप्ति ने गोल दागे।
तीसरा मैच हरियाणा व महाराष्ट्र के मध्य खेला गया, जिसमें हरियाणा ने 5-2 से जीत हासिल की। हरियाणा की ओर से दीपिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल की हैट्रिक जमाई। दीपिका ने आठवें, 15 वें व 18 वें मिनट में गोल किए। दूसरे दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला यूपी और कर्नाटक के बीच रहा। फस्र्ट हाफ समय तक कर्नाटक 1-0 से आगे रहा लेकिन दूसरे हाफ में यूपी की राष्ट्रीय खिलाड़ी लाललिन डिकी ने गोल करके मैच को रोमांचक मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया। टाइम पूरा होने पर मैच ड्रा पर समाप्त कराया। यूपी महिला टीम ने पहले दिन महाराष्ट्र को 3-2 से शिकस्त दी थी।