Lockdown : आश्रम में मां जगदंबा की आराधना और गोसेवा में समय बिता रहीं केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति
सुबह गोशाला में काम के बाद मां की आराधना के बाद हाथ से चक्की चलाकर गेहूं भी पीसती हैं।
कानपुर, जेएनएन। लॉकडाउन के दौरान घरों में रहकर जनप्रतिनिधियों में कोई परिवार के साथ समय बिता रहा है तो कोई बच्चों को पढ़ा रहा लेकिन फतेहपुर की सांसद साध्वी निरंजन ज्योति अाश्रम में गोसेवा में अपना समय बिता रही है। कानपुर देहात के मूसानगर क्षेत्र में बने आश्रम में साध्वी रह रही हैं और नवरात्र में मां की आराधना करने के साथ पूरा समय आश्रम के कार्यों में व्यतीत कर रही हैं। आइए जानने का प्रयास करते हैं इन दिनों उनकी क्या दिनचर्या चल रही है।
ग्रामीण विकास राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति फतेहपुर की सांसद हैं, लॉकडाउन के समय वह अपने मूसानगर स्थित अच्युत ब्रह्मधाम आश्रम में रह रहीं है। भोर पहर करीब चार बजे जागने के उपरांत सबसे पहले वह अपनी नंदनी गोशाला में सफाई, गायों के लिए चारा पानी देने का काम करती हैं। इसके बाद बगीचे में पौधों को पानी देती हैं। यहां के कार्य से निवृत्त होकर स्नान के बाद वह नवरात्र में देवी मां की आराधना में एक घंटे बिताती हैं। इसके उपरांत प्रतिदिन की तरह योग करती हैं।
नाश्ता आदि लेने के बाद आश्रम में ही वह हाथ से चलाने वाली चक्की से गेहूं पीसकर आटा बनाती हैं। इसके बाद रसोइयों के साथ दोपहर के भोजन आदि की तैयारी में जुट जाती हैं। वह बताती हैं कि इस समय नवरात्र होने के कारण सुबह और शाम का समय मां की आराधना में व्यतीत हो रहा है। उनके निजी सचिव राजेंद्र ने बताया कि सांसद मैडम लॉकडाउन के समय किसी से भी मुलाकात नहीं कर रही हैं। वह पूरी तरह से आश्रम के अंदर रहते हुए लाॅकडाउन का पालन कर रही हैं। आश्रम में बनी नंदनी गोशाला में करीब 25 गाय हैं, जिनकी सेवा में समय बिता रही हैं।