अटल स्मारक शोध संस्थान के लिए शासन ने मांगा प्रस्ताव
डीएवी कॉलेज या छात्रावास में से किसी एक का चयन कर भेजने की तैयारी।
जागरण संवाददाता, कानपुर : पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में शहर में अटल स्मारक शोध संस्थान बनाने की तैयारी है। शासन ने इस संबंध में क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी से प्रस्ताव मांगा है। सचिवालय से प्रस्ताव में स्थान चिह्नित करने व बजट आदि की जानकारी मांगी गई है।
उच्च शिक्षा अधिकारी अनिल मिश्रा ने बताया कि शासन से कहा गया है कि पूर्व पीएम की यादों से जुड़ा स्थल ऐसा होना चाहिए, जहां शिक्षा विभाग से जुड़े लोगों का आना-जाना रहे। इसके अलावा आमजन का भी आवागमन हो। उन्होंने कहा डीएवी कॉलेज से पूर्व पीएम ने पढ़ाई की और डीएवी छात्रावास में वह रहे इसलिए इन दोनों स्थानों में से किसी एक का चयन कर शासन को भेज देंगे। उन्होंने दयानंद शिक्षण संस्थान के सचिव नागेंद्र स्वरूप से इस पर चर्चा भी की। वहीं जिलाधिकारी विजय विश्वास पंत ने कहा कि वह मंगलवार को जिला प्रशासन व केडीए के अफसरों को डीएवी छात्रावास भेजेंगे। वहां जिस 104 नंबर कमरे में पूर्व पीएम रहते थे, उसका सर्वे कराया जाएगा। इसके बाद वहां क्या-क्या हो सकता है, उसे लेकर कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इधर नागेंद्र स्वरूप ने कहा जिला प्रशासन के प्रस्ताव पर हर संभव मदद करेंगे। पूर्व पीएम की यादें इस शहर से हमेशा के लिए जुड़ी रहें, इसके लिए हर तरह से तैयार हैं। - - - - - - - - - - - - - -
सांसद बोले, छात्रावास में बन सकता स्मारक संस्थान
कानपुर : भाजपाइयों ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ डीएवी छात्रावास सिविल लाइंस का निरीक्षण किया। सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने कहा कि कमरा नं.103, 104 और 105 को मिलाकर यहां स्मारक संस्थान बन सकता है। उत्तर जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि स्मारक संस्थान का मुख्य द्वार ऐसा हो, जिसमें हर आमजन आसानी से आ-जा सके। यहां एमएलसी अरुण पाठक, एडीएम सिटी सतीश पाल, सुनील बजाज, सरोज सिंह, सत्येंद्र पांडेय, संतोष शुक्ला आदि उपस्थित रहे। - - - - - - - - - - - - - -
अस्थि कलश यात्रा में 1500 वाहनों से चलेंगे पदाधिकारी
कानपुर : भारत रत्न पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि कलश यात्रा में भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारी 1500 दोपहिया वाहनों के साथ नरोना चौराहे से अस्थि कलश यात्रा में शामिल होंगे। सोमवार को नवीन मार्केट स्थित पार्टी कार्यालय में युवा मोर्चा पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें यह फैसला किया गया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे उत्तर जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी ने कहा जो लोग पुष्पार्चन करेंगे, उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो, इसका ध्यान युवा मोर्चा पदाधिकारियों को रखना होगा। इस दौरान मुख्य रूप से प्रमोद त्रिपाठी, आकाश शुक्ला, सुनील साहू, शिवांग मिश्रा, अंशू सेंगर आदि मौजूद रहे। - - - - - - - - - - - - - -
मर्चेट चैंबर के पदाधिकारियों ने दी अटल जी को श्रद्धांजलि
कानपुर : मर्चेट चैंबर के पदाधिकारियों ने सोमवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर अध्यक्ष बीके लाहोटी, डॉ. आइएम रोहतगी, डॉ. जेएन गुप्ता, प्रेम मनोहर गुप्ता, उमेश पांडेय, महेंद्र मोदी आदि मौजूद थे। परेड व्यापार मंडल ने भी भी अटल जी श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर अध्यक्ष संतोष गुप्ता, मुकुल मिश्रा, खूबचंद, मुकेश गुप्ता आदि थे।