दीपों से झिलमिलाया गंगा घाट, महाआरती में दिखा काशी सा नजारा
जागरण संवाददाता कानपुर जाजमऊ स्थित सिद्धनाथ धाम में शुक्रवार को गंगामहोत्सव धूमधाम से
जागरण संवाददाता, कानपुर : जाजमऊ स्थित सिद्धनाथ धाम में शुक्रवार को गंगामहोत्सव धूमधाम से मनाया गया। संतों ने गंगा मैया को 1100 मीटर की चुनरी अर्पित कर मानव कल्याण की कामना की। पंचामृत से अभिषेक के बाद सहस्त्रार्चन पूजन किया गया। इस दौरान 11 हजार दीपों से गंगा घाट झिलमिला उठा। महाआरती में काशी सा नजारा दिखाई दिया।
मां गंगा सेवा समिति की ओर से शुक्रवार को 44 वें गंगा महोत्सव का आयोजन श्याम गंगा तट पर हुआ। समिति के संस्थापक बाल योगी अरुण चैतन्यपुरी ने संतों की उपस्थिति में 1008 नामों का उच्चारण करते हुए मैया को द्रव्य अर्पित किया। इसके बाद 1100 मीटर लंबी चुनरी अर्पित की गई। देर शाम काशी की तर्ज पर विधि-विधान से गंगा मइया की आरती की गई। इस दौरान दीपदान के मनोहारी दृश्य को कैमरे में कैद करने के लिए भक्त आतुर नजर आए। इस अवसर पर दाडी आश्रम के उदितानंद ब्रह्मचारी, परमट मंदिर के व्यवस्थापक इच्छागिरी महाराज, हनुमान गढ़ी अयोध्या के महंत कल्याणदास, पनकी मंदिर के कृष्णदास महाराज, विनय स्वरूप ब्रह्मचारी, स्वामी प्रकाशानंद, पूर्व विधायक अजय कपूर आदि उपस्थित रहे।
क्रिसमस में चिड़ियाघर पहुंचे साढ़े पांच हजार दर्शक
कानपुर : चिड़ियाघर में दर्शकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। कोरोना में हुए अनलॉक के बीच पहली बार क्रिसमस के अवसर पर पांच हजार पांच सौ 43 दर्शक चिड़ियाघर पहुंचे। यह अभी तक की सबसे बड़ी संख्या है। बच्चों से लेकर बड़ों तक दर्शकों ने चिड़ियाघर का लुत्फ उठाया। टिकट, बैट्री कार, अनुभूति केंद्र व बाल ट्रेन से चिड़ियाघर प्रशासन को तीन लाख 85 हजार छह सौ 20 रूपये का राजस्व प्राप्त हुआ।