#GoodNews: बैराज मार्ग को जल्द ही स्टेट हाईवे का मिलेगा दर्जा, उपमुख्यमंत्री ने अभियंता को प्रस्ताव बनाने का दिया निर्देश
मंधना से अचलगंज महराजपुर होते हुए घाटमपुर तक जाएगा मार्ग। इसके लिए केंद्रीय सड़क निधि से धन का इंतजाम करने का प्रस्ताव बनाया गया था। उप मुख्यमंत्री को ये प्रोजेक्ट दिखाया गया तो उन्होंने इसे स्टेट हाईवे का दर्जा दिलाने के लिए प्रस्ताव बनाने को कहा।
कानपुर, जेएनएन। मंधना से शुक्लागंज जाने वाले मार्ग को स्टेट हाईवे का दर्जा दिया जाएगा। इसके साथ ही इस मार्ग का विस्तार करके घाटमपुर के पास भोगनीपुर-घाटमपुर- चौडगरा स्टेट हाईवे से जोड़ा जाएगा। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 24 दिसंबर को सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता को इस संबंध में प्रस्ताव तैयार करने के लिए कहा है। जल्द ही इसका खाका खींच करके प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। ये मार्ग मंधना से शुक्लागंज तक फोर लेन और उसके आगे दो लेन का होगा।
मार्ग के विस्तार की बन रही योजना
मंधना से गंगा बैराज होते हुए शुक्लागंज स्थित मरहला चौराहा तक जाने वाले मार्ग को फोर लेन बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसका चौड़ीकरण 108 करोड़ रुपये से होना है। इसके लिए केंद्रीय सड़क निधि से धन का इंतजाम करने का प्रस्ताव बनाया गया था। उप मुख्यमंत्री को ये प्रोजेक्ट दिखाया गया तो उन्होंने इसे स्टेट हाईवे का दर्जा दिलाने के लिए प्रस्ताव बनाने को कहा। बता दें, किसी भी सड़क को स्टेट हाईवे का दर्जा तभी मिल सकता है, जब उसकी लंबाई 40 किलोमीटर या उससे अधिक हो। ये मार्ग सिर्फ 24 किलोमीटर लंबा है, इसलिए अब इसके विस्तार की योजना बनी है।
इनका ये है कहना
पीडब्ल्यूडी के एक अफसर के मुताबिक, इस मार्ग को शुक्लागंज से अचलगंज, उन्नाव-लालगंज हाईवे को क्राॅस करते हुए ड्योढ़ी घाट पुल से महाराजपुर और करबिगवां के रास्ते साढ़े होकर घाटमपुर के पास स्टेट हाईवे से जोडऩे की योजना है। पुराने मार्गों को ही चौड़ा करके उसे स्टेट हाईवे का दर्जा दिलाने की तैयारी है। इनमें से कुछ मार्ग ऐसे हैं, जो पहले से ही दो लेन होंगे, लेकिन उनका स्टेट हाईवे के मानक के अनुरूप विकास कर दिया जाएगा। अगर यह प्लान मूर्त रूप लेता है तो रिंग रोड के समानांतर एक और मार्ग उपलब्ध हो जाएगा। इसका अलाइनमेंट तैयार करने के लिए जल्द ही प्रक्रिया शुरू होगी।