घाटमपुर के साढ़ में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, धान के खेत में गुड़ाई करने गई थी, मुकदमा दर्ज
घाटमपुर के साढ़ में एक किशोरी को दो लोग जबरन उठा ले गए। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। चंगुल से छूटकर आई डरी सहमी पीड़िता ने घर पर जानकारी दी। इसके बाद वह स्वजन के साथ साढ़ थाने पहुंची। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
घाटमपुर, जागरण संवाददाता। खेत में काम करते समय किशोरी से दो दरिंदों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। उनके चंगुल से छूटकर आई डरी सहमी पीड़िता ने घर पर जानकारी दी। इसके बाद वह स्वजन के साथ साढ़ थाने पहुंची। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।
एक गांव निवासी पीडि़ता के स्वजन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार सुबह करीब सात बजे उनकी 12 साल की बेटी सहेलियों के साथ पड़ोस के गांव के एक किसान के खेतों में धान की गुड़ाई करने गई थी। गुड़ाई करने के दौरान वह शौच के लिए खेत से दूर चली गई थी। वहीं, पास बने एक नलकूप में तीन लोग बैठे थे। सराय निवासी प्रांशू ठाकुर और जयनारायण साहू आए और उसका मुंह दबाकर उठाकर ले गए।
इसके बाद जमीन पर गिराकर सामूहिक दुष्कर्म किया। छूटने के बाद वह शोर मचाते हुए खेतों में काम कर रही अपने सहेलियों के पास पहुंची। बताया कि 112 नंबर पर सूचना देने की कोशिश की गई, लेकिन नंबर ही नहीं लगा। इसके बाद घर आकर सारी घटना की जानकारी दी। मामले में पुलिस जयनारायण साहू को उठा लाई, लेकिन सामना होने पर पीडि़ता ने उसे पहचानने से इन्कार कर दिया।
पीड़िता का कहना है कि शायद उसका भाई था। मामले में साढ़ एसओ आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपितों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।