अहमदाबाद और कोलकाता के लिए कानपुर से जल्द शुरू हो रही फ्लाइट, जानिए-क्या होगा नया शेड्यूल
कानपुर से अहमदाबाद और कोलकाता के लिए विमानन कंपनी की ओर से फ्लाइट का नया शेड्यूल जारी कर दिया गया है। अभी तक कोविड संक्रमण के चलते दोनों फ्लाइट निरस्त चल रही थीं लेकिन अब एक बार फिर सेवाएं शुरू की जा रही हैं।
कानपुर, जेएनएन। विमानन कंपनी ने अहमदाबाद और कोलकाता फ्लाइट का नया शेड्यूल जारी कर दिया है। एक मई से अहमदाबाद और 23 मई से कोलकाता की फ्लाइट शुरू होना प्रस्तावित है। 30 अक्टूबर तक दोनों फ्लाइट उड़ान भरेंगी। कोलकाता के लिए नियमित उड़ान होगी, जबकि अहमदाबाद के लिए सप्ताह में छह दिन विमान उड़ान भरेगा। इसके बाद नया शेड्यूल जारी किया जाएगा। इससे पहले कोविड संक्रमण के चलते दोनों फ्लाइट का शेड्यूल निरस्त कर दिया गया था।
चकेरी एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए विमान शुरू करने की मांग अनलॉक के बाद ही शुरू हो गई थी। एयरपोर्ट अथॉरिटी से अनुमति मिलने के बाद विमानन कंपनी ने पहले अहमदाबाद फिर कोलकाता के लिए शेड्यूल जारी किया था। अहमदाबाद के लिए तो विमान सेवा शुरू भी कर दी गई थी, जिसे बीच में रोक दिया गया, जबकि कोलकाता के लिए 28 मार्च से फ्लाइट शुरू होने पर सहमति बनी थी। कोरोना के केस बढऩे के बाद दोनों शेड्यूल निरस्त कर दिए गए थे। अब एक बार फिर दोनों विमान सेवाएं शुरू करने का निर्णय हुआ है।
ये रहेगा शेड्यूल
- 10:50 बजे कोलकाता से विमान चकेरी एयरपोर्ट पर आएगा
- 11:25 बजे कोलकाता के लिए उड़ान भरेगा
- 1:20 बजे अहमदाबाद से विमान चकेरी एयरपोर्ट आएगा
- 1:50 बजे अहमदाबाद के लिए उड़ान भरेगा