बर्रा में गत्ता फैक्ट्री में आग लगने से आसपास रही दहशत
चार दिन पूर्व ही पनकी इंड्रस्टीयल एरिया में शिफ्ट हुई थी फैक्ट्री। आसपास के लोगों ने सबमर्सिबल पंप चलाकर आग पर काबू पाया।
कानपुर(जागरण संवाददाता)। बर्रा विश्व बैंक ई सेक्टर में शुक्रवार को दोपहर बाद गत्ता फैक्ट्री में आग लगने से भारी नुकसान हो गया। आग लगने से आसपास क्षेत्र में दहशत का माहौल रहा और लोग बाहर आ गए। घरों के सबमर्सिबल पंप चलाकर लोगों ने दमकल पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पाया। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। चार दिन पहले ही मालिक ने फैक्ट्री को पनकी इंडस्ट्रियल एरिया में शिफ्ट किया है।
बर्रा विश्व बैंक ई सेक्टर में गोविंद नगर निवासी जतिन कक्कड़ की गत्ता फैक्ट्री है। यहां पर शुक्रवार दोपहर बाद अचानक आग लगने से दफ़्ती के रोल, प्लाई समेत अन्य सामान जल गया। पड़ोसी श्रीकांत ने कंट्रोल रूम को सूचना देकर आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। सूचना मिलते ही बर्रा निवासी प्लाट मालिक योगेश दुग्गल और फैक्ट्री मालिक जतिन घटनास्थल पहुंचे। आसपास के घरों से सबमर्सिबल पंप चलाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। दमकल जवानों के पहुंचने से पहले आग पर काबू पा लिया।
जतिन के मुताबिक चार दिन पहले ही फैक्ट्री इंड्रस्टीयल एरिया शिफ्ट हुई थी। अगर माल रखा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। आग लगने से करीब एक लाख का नुकसान हुआ है। जतिन ने शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई। बताते चलें कि गत्ता फैक्ट्री में कुछ माह पहले देर रात के वक्त मीटर में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी थी। फैक्ट्री के सुरक्षा गार्ड की सूचना पर पहुंची दमकल ने आग बुझाई थी।