मोबाइल पर मिस काल से शुरू हुआ था प्रेम प्रसंग और कत्ल से अंत, फर्रुखाबाद में हत्थे चढ़े युवकों ने बयां की हकीकत
हरदोई की महिला के कत्ल का खुलासा करते हुए पुलिस ने फर्रुखाबाद से दो आरोपित युवक को गिरफ्तार किया है। सात माह पहले मिस काल से प्रेम प्रसंग शुरू होने के बाद युवकों ने महिला का कत्ल कर दिया।
फर्रुखाबाद, जागरण संवाददाता। जनपद हरदोई की महिला की हत्या प्रेम प्रसंग को लेकर की गई थी। घटना में शामिल दो आरोपितों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। आरोपितों ने पुलिस को बताया कि सात माह पहले मिस काल से महिला से प्रेम प्रसंग शुरू हुआ था।
जनपद हरदोई के अरवल थाना क्षेत्र के गांव मत्तीपुर निवासी 35 वर्षीय गिरिशा देवी की हत्याकर शव 15 मई की देर रात राजेपुर के गांव शेराखार गौटिया के पास फेंक दिया गया था। इस मामले में मृतका के चचिया ससुर ने मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) और थाने की पुलिस टीम को घटना के राजफाश के लिए लगाया था।
पुलिस ने छानबीन कर दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। दोनों लोग शहर कोतवाली क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। आरोपित मृतका का मोबाइल फोन ले गए थे। सर्विलांस की मदद से पुलिस उन तक पहुंची। गिरिशा देवी का मायका अमृतपुर के कोला सोता में है। राजेपुर थानाध्यक्ष दिनेश गौतम ने बताया कि अभी आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।