कागज पर खरीद भरपूर, हकीकत में लौटाए जा रहे किसान धान क्रय केंद्रों का हाल
चौबेपुर में धान जलाने की घटना के बाद भी क्रय केंद्र प्रभारी नहीं चेत रहे हैं। कानपुर ग्रामीण क्षेत्र में कई खरीद केंद्रों पर प्रभारी नहीं मिले और किसान भी इंतजार करते रहे। धान खरीद न होने से किसान परेशान हो रहा है।
कानपुर, जेएनएन। धान क्रय केंद्र पर धान की खरीद के नाम पर खूब खेल हो रहा है। कई केंद्र कागज पर ही खुल रहे हैं। कुछ केंद्र का ताला तो सुबह खुल जाता है, लेकिन केंद्र प्रभारी दूसरे को बैठाकर गायब हो जाते हैं। चौबेपुर स्थित विपणन विभाग के हाट केंद्र पर धान न खरीदे जाने से आग लगाने की घटना के बाद दैनिक जागरण ने केंद्रों की पड़ताल की तो स्थिति चौंकाने वाली मिली। बिल्हौर तहसील के गौरी भगवंतपुर, सरदारपुर, बनसठी, देपालपुर, सिंहपुर गुरैया, पिपरी, दुर्गापुरवा, मानपुर में धान खरीद की गति काफी धीमी है। यहां किसान रोजाना चक्कर लगा रहे हैं और उन्हें तारीख पर तारीख दी जा रही है।
स्थान: कठेरुआ गांव
धान क्रय केंद्र के बाहर मिले दहेली उजागर निवासी किसान रामरूप तिवारी ने बताया कि दो माह पहले 42 क्वविंटल धान की बिक्री का पंजीकरण कराया था। आज तक प्रभारी ने धान नहीं लिया। तीन बार धान वापस लेकर लौट चुके हैं।
स्थान: मटियारा
मटियारा स्थित धान क्रय केंद्र के बाहर खड़े जामू गांव निवासी शुभम त्रिवेदी ने बताया कि मां सुनीता देवी के नाम 99 क्वविंटल धान बिक्री के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। दो सप्ताह केंद्र के बाहर धान से भरी ट्राली खड़ी रही। इसके बाद केंद्र प्रभारी ने वापस कर दिया।
स्थान: शंभुआ
शंभुआ स्थित केंद्र के बाहर राजापुरवा निवासी दीपू यादव की धान लदी ट्राली एक सप्ताह से खड़ी है। दीपू ने बताया कि पिता नंदलाल के नाम से 70 क्वविंटल धान का पंजीकरण कराया था। प्रभारी अभी धान लेने को ही तैयार नहीं हैं।
स्थान: बदन निवादा गांव
बिल्हौर तहसील के बदन नेवादा रोड पर स्थित नेफेड के धान क्रय केंद्र पर सन्नाटा पसरा था। केंद्र प्रभारी अनुराग दीक्षित केंद्र पर नहीं थे। पता चला कि धान राइस मिल पर भेजने के लिए ट्रक लेने गए हैं।
स्थान: राढ़ा गांव
राढ़ा गांव स्थित पीसीयू का धान क्रय केंद्र बंद मिला। यहां कुछ किसान तो आए थे, लेकिन केंद्र बंद होने की वजह से उन्हें लौटना पड़ा। वहां मौजूद संजीव कुमार ने बताया कि केंद्र प्रभारी राकेश कुमार के रिश्तेदार का निधन हो गया है।
स्थान: ककवन
ककवन में विपणन शाखा के क्रय केंद्र पर ताला लटका हुआ मिला। अहमदपुर नदीहा गांव निवासी आदर बाबू ने बताया कि गुरुवार को 16 क्वविंटल धान बिक्री के लिए लाए हैं, लेकिन तौला नहीं सके।