कन्नौज में रंगों के बाद खून की होली, घर के बाहर सो रहे किसान की चाकू से गोदकर हत्या
होली पर नशेबाजी को लेकर गांव के कुछ लोगों से हुआ था विवाद रात 12 बजे हत्यारोपितों ने बोला हमला।
कन्नौज, जेएनएन। होली पर नशेबाजी में हुए हुए मामूली विवाद के बाद बेटे के साथ घर के बाहर सो रहे किसान की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। बेटे ने विरोध किया तो हत्यारोपितों ने उसके कनपटी पर तमंचा रख जान से मारने की धमकी दी। मृतक के परिवार वालों ने आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी है।
बेटे के साथ सो रहे थे चारपाई पर
कोतवाली छिबरामऊ के गांव नथा नगला निवासी 45 वर्षीय रामवीर यादव खेती कर परिवार का पालन पोषण करते थे। बुधवार शाम सात बजे होली के त्योहार पर शराब के नशे में उनका गांव के कुछ लोगों से विवाद हो गया। मामला बढ़ जाने पर स्वजनों ने यूपी 112 को सूचना दे दी। पुलिस ने पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत करके समझौता करवा दिया। इसके बाद सभी अपने घर चले गए। रात को खाना खाने के बाद रामवीर यादव अपने 16 वर्षीय पुत्र प्रदीप के साथ घर के बाहर सो गए। रात 12 बजे के करीब आरोपितों ने रामवीर यादव को चारपाई पर ही दबा लिया और चाकू से छाती पर ताबड़तोड़ कई वार किए।
बेटे ने विरोध किया तो अड़ा दिया तमंचा
इसी बीच उनका पुत्र प्रदीप जाग गया तो हत्यारों ने उसके भी तमंचा अड़ा दिया और गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद सभी भाग निकले। बेटे प्रदीप के शोर मचाने पर स्वजन दौड़कर बाहर आए। आनन फानन घायल को नगला दिलू स्थित 100 शैय्या अस्पताल लेकर आए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना से स्वजनों में चीख-पुकार मच गई। उनकी पत्नी नन्ही देवी शव देख कर बेहोश हो गईं। स्वजनों ने बताया कि इससे पहले किसी से कोई रंजिश नहीं थी। होली के त्योहार पर गांव के कुछ लोगों से मामूली विवाद हुआ था। प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।