फतेहपुर : जंगल में पेड़ पर फंदे से लटक रहा था किसान का शव और नीचे पड़ी थी महिला की लाश, अवैध संबंधों का संदेह
फतेहपुर के असोथर क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब जंगल में किसान का शव फांसी के फंदे पर पेड़ से लटका मिला और नीचे महिला का शव पड़ा था। ग्रामीणों में दोनों के बीच अवैध संबंधों को लेकर चर्चा है।
फतेहपुर, जागरण संवाददाता। असोथर क्षेत्र के एक गांव के बाहर जंगल में 50 वर्षीय किसान का शव पेड़ पर लटका मिला और पास में ही स्वजातीय पड़ोसी 47 वर्षीय महिला की लाश पड़ी मिली है। ग्रामीणों में दोनों के बीच अवैध संबंधों को लेकर चर्चा और वे शनिवार रात एक साथ घर से निकल गए थे। पुलिस ने वारदाता की जांच शुरू की हे।
पुलिस की पूछताछ में ग्रामीणों के बीच चर्चा रही कि किसान का पड़ोसी महिला से अर्से से अवैध संबध थे। कुछ दिन पहले उनके स्वजन के बीच पंचायत भी हुई थी और दोनों को समझाया गया था। थाना प्रभारी नीरज यादव ने बताया कि ग्रामीणों से पूछताछ में स्पष्ट हुआ है कि महिला व पुरुष के बीच काफी दिनों से संबध कायम थे। स्वजन के विरोध के चलते दोनो ने पेड़ पर एक साड़ी से फंदा लगाकर जान दी है। संभवत: गले से साड़ी का फंदा खुल जाने से महिला पेड़ से नीचे गिर गई।
...कहीं हत्या के बाद तो फंदे पर नहीं लटकाए गए शव
दिवंगत के स्वजन खुदकुशी बता रहे हैं लेकिन ग्रामीणों में चर्चा यह भी है कि रात को दोनों को घर से निकलते हुए देख लिया हो और इसके बाद उनकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। फिर किसान के शव को फंदे से लटका दिया और महिला को फंदे से नहीं लटका सके। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया दोनो ने खुदकुशी की है फिर भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सभी बिंदुओं पर पड़ताल के बाद कार्रवाई की जाएगी।