पारिवारिक झगड़ों के चलते छात्रों की बाधित हो रही पढ़ाई
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय की काउंसिलिंग सेल में रोजाना सामने आ रहे ऐसे मामले
केस एक : बीबीए प्रथम वर्ष में पढ़ने वाली छात्रा ने काउंसिलिंग सेल के सदस्यों को बताया कि पारिवारिक झगड़ों के चलते उसकी पढ़ाई बाधित हो रही है। बिल्कुल मन नहीं लगता है, केवल घर के हालात किसी तरह ठीक हो जाएं। बस यही बात दिमाग में गूंजती है।
केस दो : एमबीए प्रथम वर्ष के छात्र ने बताया कि घर से बेहतर प्रदर्शन का हमेशा दबाव रहता है। इस वजह से वह पढ़ ही नहीं पाता। अंक कैसे अच्छे आएंगे, यह तो सोच पाना तक मुश्किल हो गया है।
- - - - - - - - - - -
जागरण संवाददाता, कानपुर: यह दो केस तो महज बानगी भर हैं। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय की काउंसिलिंग सेल में छात्र-छात्राओं से जुड़े ऐसे कई मामले रोजाना ही सामने आ रहे हैं। सेल के सदस्यों का कहना है कि छात्र-छात्राएं अपनी जो परेशानी बताते हैं, उसका निदान विशेषज्ञ करते हैं। वह टिप्स और सलाह देते हैं, साथ ही यह समझाते हैं कि जल्द स्थितियां सुधर जाएंगी। अपना धैर्य न खोएं और न ही परेशान हों।
- - - - - - - - - - -
इन बातों का रखना होगा ध्यान
- परिजनों से सीधे संवाद करें, उन्हें अपनी परेशानी बताकर समझाएं
- अगर आपकी बात को अनसुना कर दिया गया है तो अपनी पढ़ाई पर ही ध्यान दें
- परिस्थिति कैसी भी हो, बिल्कुल गुस्सा न हों, शांत मन से स्थितियों को समझें
- आखिर किस बात को लेकर झगड़ा है, अगर उसका समाधान हो सकता है तो उस पर बात करें
- अपने किसी परिचित को भी बात बताकर समस्या हल करा सकते हैं
- - - - - - - - - - -
काउंसिलिंग सेल में रोजाना एक घंटे तक विशेषज्ञ छात्र-छात्राओं की समस्याएं सुनते हैं। जैसी समस्या या बात उनके द्वारा बताई जाती है, उसका वैसा ही समाधान कराया जाता है।
डॉ. सिधांशु राय, प्रभारी, काउंसिलिंग सेल